शराब पार्टी के दौरान आपस में भिड़े दोस्त
कासना कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर गामा एक में रहने वाले दो दोस्तों ने मंगलवार रात शराब पार्टी की जिसका नशा सिर चढ़कर बोला
आपस में मारपीट के मामले में शांति भंग की कार्रवाई की
ग्रेटर नोएडा (देशबन्धु)। कासना कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर गामा एक में रहने वाले दो दोस्तों ने मंगलवार रात शराब पार्टी की जिसका नशा सिर चढ़कर बोला। नशा चढ़ते ही युवक ने दोस्त की पत्नी के साथ पिटाई शुरू कर दी। बचाने आए दोस्त का भी सिर फोड़ दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया। कासना कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर गामा एक में दो दोस्तों ने शराब पार्टी की थी। राशिद ने पहली बार शराब पी थी। उसने काफी अधिक शराब पी ली थी।
शराब का नशा चढ़ते ही अचानक उसने प्रवीण की पत्नी पर हमला बोल दिया। उसकी पिटाई कर दी। पत्नी को बचाने के लिए प्रवीण आगे आया तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। वहीं प्रवीण ने भी राशिद की पिटाई की। आपस में लड़ते हुए वह सड़क पर आ गए। हवालात में नशा उतरने के बाद बुधवार सुबह राशिद अपने किए पर माफी मांगने लगा। उसने कहा कि पता नहीं उसने ऐसा क्यों किया।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ शांति भंग करने के आरोप में कार्रवाई की है। कासना कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। इस दौरान दो युवकों की आपस में मारपीट हो रही थी। दोनों के सिर और हाथ-पैर में खून निकल रहे थे। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया और उनका प्राथमिक उपचार कराया।


