शाहजहांपुर: किसान ने गेहूं की पूरी फसल को किया प्रधानमंत्री कोष में दान
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एक किसान का अपने देश के लोगों के प्रति समर्पण का भाव उस समय देखने को मिला जब एक किसान ने अपनी दो सौ 23 कुंतल गेहूं की फसल प्रधानमंत्री राहत कोष में दान कर दी

शाहजहांपुर । उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एक किसान का अपने देश के लोगों के प्रति समर्पण का भाव उस समय देखने को मिला जब एक किसान ने अपनी दो सौ 23 कुंतल गेहूं की फसल प्रधानमंत्री राहत कोष में दान कर दी।
किसान ने पूरी फसल मंडी सचिव को सौप दी है। किसान का मानना है कि उसकी फसल से सैकड़ों जरूरतमंदों का पेट भर सकेगा।
शाहजहांपुर के निगोही क्षेत्र में तैनात लेखपाल गुरु प्रकाश चौधरी ने मंलवार को यहां बताया कि गुजरात के बड़ौदा क्षेत्र के रहने वाले धर्मेंद्र सिंह लाठर ने गुलरिया चकझाऊ गांव में 12 एकड़ जमीन खरीदी थी। खेती में गेहूं की उनकी पहली फसल पैदा हुई।
उन्होंने बताया कि किसान धर्मेंद्र सिंह लाठर ने कोरोना महामारी को देखते हुए अपनी पूरी फसल प्रधानमंत्री राहत कोष में देने का फैसला किया। सोमवार को किसान के भाई सुरेंद्र अपना गेहूं लेकर मंडी पहुंचा। जहां उसने दो सौ 23 कुंटल गेहूं मंडी सचिव को सौंप दिया। लेखपालों की निगरानी में उसके गेहूं की तौल की गई और मंडी में गेहूं प्रधानमंत्री राहत कोष के लिए रखवा दिया गया।
किसान का कहना है कि पैसा तो सभी लोग दान कर रहे हैं । लेकिन दान किए गए इस गेहूं से इलाके के सैकड़ों लोगों का पेट भर सकेगा।
हालांकि लॉकडाउन के चलते अपनी फसल दान करने वाला किसान गुजरात में मौजूद है। लेकिन किसान ने यहां आए बिना ही अपने भाई की मदद से अपनी पहली फसल प्रधानमंत्री राहत कोष में दान कर दी। कोरोना से लड़ने के लिए ऐसे ही जज्बातों की जरूरत है। फिलहाल हर कोई किसान की एक जज्बात की सराहना कर रहा है।


