मुखर्जी के बलिदान दिवस पर जम्मू में रहेंगे शाह
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह जनसंघ के संस्थापक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के ‘बलिदान दिवस' पर शनिवार को जम्मू-कश्मीर की यात्रा पर जायेंगे

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह जनसंघ के संस्थापक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के ‘बलिदान दिवस' पर शनिवार को जम्मू-कश्मीर की यात्रा पर जायेंगे।
भाजपा के मीडिया विभाग के प्रमुख अनिल बलूनी ने आज यहां बताया कि श्री शाह कल एक दिवसीय सांगठनिक प्रवास पर प्रातः 10:30 बजे जम्मू पहुंचेंगे ,जहां कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। वह पूर्वाह्न 11 बजे गेस्ट हाउस, केनाल रोड, जम्मू में डिजिटल मीडिया एवं सोशल मीडिया वालंटियर्स के साथ एक बैठक करेंगे। इसके पश्चात् वह इसी स्थान पर पार्टी विस्तारकों के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे और काम-काज की समीक्षा करेंगे।
श्री बलूनी के अनुसार अपराह्न साढ़े चार बजे श्री शाह जम्मू के ब्राह्मण सभा, परेड में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। देर शाम साढ़े सात बजे वह केनाल रोड स्थित गेस्ट हाउस में जम्मू कश्मीर भाजपा की लोकसभा टोली के साथ एक बैठक करेंगे।


