जर्जर मकान की छत गिरने से तीन बच्चों समेत पांच की मौत
गाजियाबाद ! लोनी की डाबर तालाब कॉलोनी में सोमवार रात करीब 12 बजे एक मकान ढह गया।

गाजियाबाद ! लोनी की डाबर तालाब कॉलोनी में सोमवार रात करीब 12 बजे एक मकान ढह गया। मलबे में दबकर दो महिलाओं व तीन बच्चों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। बचाव कार्य में पुलिस ने दो महिलाओं और तीन बच्चों के शव निकाले। जबकि एक अन्य घायल व्यक्ति को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। डाबर तालाब कॉलोनी में इमरान (32) का पुश्तैनी मकान था। करीब 30 साल पुरानी इमारत होने के कारण उसमें काफी दरारें पड़ चुकी थीं। सोमवार देर रात मकान में वह, उसकी पत्नी रेशमा (30), साली हसीना (27) और तीन बच्चे (दो रेशमा के और एक हसीना का) सो रहे थे। देर रात करीब 12 बजे अचानक मकान भरभरा कर गिर पड़ा। इसकी आवाज सुनकर आसपास के लोगों को कुछ गड़बड़ी होने का शक हुआ। वे बाहर निकले तो पास में इमरान का मकान ढहा दिखा। आसपास मलबा देखकर वे हैरान थे। फौरन उन्होंने पुलिस को मामले की सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंची लोनी थाना पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया, जिसमें रेशमा और हसीना के अलावा दानिश, आयशा व एक अन्य बच्चे (शिनाख्त नहीं हो सकी) का शव निकाला गया। लोनी थाना प्रभारी ओपी चौधरी ने बताया कि जानकारी मिलने पर घटनास्थल पर पुलिस पहुंची थी। बचाव कार्य में दो महिलाओं व तीन बच्चों के शव निकाले गए। जबकि इमरान को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। मकान काफी पुराना बताया जा रहा है।
इस संबंध में एसएसपी दीपक कुमार ने बताया कि प्राथमिक तौर पर सूचना है कि दो महिलाओं और तीन बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हुई है। मृतकों की संख्या ज्यादा भी हो सकती है। आसपास के लोगों ने बताया कि मकान के गिरने की आवाज किसी धमाके जैसी थी, जिससे पूरा इलाका दहल गया। लोगों का हुजूम लग गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में फायर ब्रिगेड और अन्य पुलिसकर्मियों को बुलाया गया।


