यूपी के सहारनपुर में अवैध खनन का आरोप लगाने वाला सिपाही लाइन हाजिर
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पुलिस की सांठगांठ से अवैध खनन का आरोप लगाने वाले सिपाही को अनुशासनहीनता के आरोप में लाइन हाजिर कर दिया गया

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पुलिस की सांठगांठ से अवैध खनन का आरोप लगाने वाले सिपाही को अनुशासनहीनता के आरोप में लाइन हाजिर कर दिया गया जिसके विरोध में सिपाही का परिवार धरने पर बैठ गया।
भ्रष्टाचार को लेकर अपने ही महकमे को कठघरे में खडा करने वाले आरक्षी प्रवीण कुमार सिंह ने शनिवार को कहा कि स्थानीय रामलीला ग्राउंड में उसकी पत्नी अौर दो बच्चे धरने पर बैठ गये है जब तक अवैध खनन वालो पर कार्यवाही नही की जाती तब तक उसका परिवार धरने पर बैठा रहेगा।
सिपाही का आरोप है कि अब तक अवैध खनन पर कार्यवाही करने वाले चार सिपाहियों पर गाज गिर चुकी है जिन्हें लाइन हाजिर किया गया है। धरने पर बैठी आरक्षी की पत्नी शालिनी वर्मा ने बताया कि आज जिलाधिकारी के द्वारा मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि खनन रोकने वाले मेरे पति को थाना प्रभारी द्वारा जेल में भेजने की धमकी दी गयी है क्योंकि वह खनन रोकने के लिए अपनी कर्तव्य का निर्वहन कर रहे थे। उन्हे लाइन हाजिर कर दिया गया। जिन दरोगा ने खनन रोकने में कार्यवाही नही की,थाना प्रभारी पर आखिर कार्यवाही क्यो नही की गयी ।


