वरिष्ठ पत्रकार गंगाधर द्विवेदी का निधन
उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के मछलीशहर तहसील क्षेत्र में रविवार को वरिष्ठ पत्रकार और आर्युवेद धन्वन्तरि पत्रिका के प्रधान संपादक गंगाधर द्विवेदी का निधन हो गया।

जौनपुर। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के मछलीशहर तहसील क्षेत्र में रविवार को वरिष्ठ पत्रकार और आर्युवेद धन्वन्तरि पत्रिका के प्रधान संपादक गंगाधर द्विवेदी का निधन हो गया।
वे 92 वर्ष के थे और पिछले लगभग एक माह से अधिक समय से बीमार चल रहे थे।
डॉ. द्विवेदी जड़ीबूटी के माध्यम से वर्षों से लोगों का उपचार करते चले आ रहे थे। पत्रकारिता जगत में गंगाधर द्विवेदी ने एक अपनी अलग ही पहचान बनाई थी और क्षेत्र में पत्रकारिता जगत के स्तम्भ कहे जाते थे। वह लगभग 50 वर्षों से अधिक समय तक अमृत प्रभात समेत कई हिन्दी दैनिक प्रमुख अखबारों में पत्रकार के रुप में कार्य किया। मृदुभाषी, मिलनसार वरिष्ठ पत्रकार गंगाधर द्विवेदी समाजसेवा में भी काफी रूचि लेते थे।
उन्होंने क्षेत्र के गरीब और असहायों की सेवा के लिए इन्दिरा गाँधी ग्रामीण स्वयं सेवा अस्पताल भी खोल रखा था जिसके माध्यम से गरीबों की सेवा करते थे। उनके निधन पर कई नेताओं,पत्रकारों और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रमुखों ने शोक व्यक्त किया है।


