Top
Begin typing your search above and press return to search.

जरूरतमंद बच्चों के लिए कोतवाली में शुरू हुई पाठशाला

बालको पुलिस मंच द्वारा सिटी कोतवाली में क्षेत्र के जरूरतमंद बच्चों के लिए पाठशाला शुरू की गई है

जरूरतमंद बच्चों के लिए कोतवाली में शुरू हुई पाठशाला
X


कोरबा। बालको पुलिस मंच द्वारा सिटी कोतवाली में क्षेत्र के जरूरतमंद बच्चों के लिए पाठशाला शुरू की गई है।

यहां कक्षा 10वीं से 12वीं के बच्चों को फिजिक्स, केमेस्ट्री, मैथ्स और बायोलॉजी की कोचिंग कराई जायेगी। भविष्य में जगह मिलने पर कॉमर्स विषय का भी अध्यापन शुरू करने की योजना है।

एएसपी तारकेश्वर पटेल, सीएसपी दर्री सुखनंदन राठौर ने मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन व माल्यार्पण कर बीपीएम क्लास का शुभारंभ किया। एएसपी ने इसे एक सराहनीय और अनुकरणीय पहल बताते हुए कहा कि अक्सर पुलिस के प्रति लोगों में नकारात्मक छवि का भाव रहता है जबकि पुलिस कर्मी भी इसी समाज का एक हिस्सा होते हैं, उनमें भी संवेदनाएं रहती हैं।

बालको पुलिस मंच के द्वारा निर्धन और जरूरतमंद बच्चों के लिए जो पाठशाला बालको थाना के बाद कटघोरा में शुरू की गई, उसकी तीसरी इकाई कोरबा कोतवाली में भी शुरू होने जा रही है। यह न सिर्फ एक अच्छा प्रयास है बल्कि इस तरह के कार्यों से समाज में पुलिस के प्रति व्याप्त धारणा में भी परिवर्तन आने लगा है।

सीएसपी सुखनंदन राठौर ने बीपीएम के सदस्यों को साधुवाद देते हुए उपस्थित बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने का आव्हान् किया। कोरबा प्रेस क्लब अध्यक्ष राजेन्द्र जायसवाल, डॉ. विवेक अरोरा ने पुलिस की इस कार्यशैली को सराहा और कहा कि समाज में जब लोग आर्थिक लाभ के उद्देश्य से बड़ी-बड़ी कोचिंग संस्थान चला रहे हैं, तब ऐसे में निर्धन और जरूरतमंद बच्चों के लिए जो कोचिंग संस्थान में फीस नहीं दे सकते, उनके लिए यह काफी लाभदायक होगा।

इससे पहले कोतवाली टीआई विवेक शर्मा ने बीपीएम के उद्देश्यों पर बताया कि वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा से जोड़कर बीपीएम और इसके सदस्यों को आत्मिक सुकून का अनुभव होता है। कोतवाली परिसर में ही एक साथ तीन कक्षाएं शाम 5 से 7 बजे तक लगेंगी।

इस अवसर पर आईटी कॉलेज के प्रोफेसर प्रणय राही, बीपीएम के सदस्य अमित सिंह, सुश्री हरप्रीत कौर, प्रदीप नामदेव, शंकर अग्रवाल, बालको एचआर विभाग से श्रीमती रेखा सिंह सहित कोतवाली स्टाफ व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

नशे के आदी बच्चों के लिए भी क्लास

बीपीएम के सदस्य शंकर अग्रवाल ने बताया कि बालको थाना में अभी लगभग 18 ऐसे बच्चों को जो कि बोनफिक्स व अन्य तरह के नशा का आदी हो रहे थे एवं स्कूल न जाकर गली-मोहल्ले से कचरा बीनते थे, उन्हें हमने बीपीएम से जोड़ा।

ऐसे बच्चों को सातवीं तक की शिक्षा बीपीएम द्वारा प्रदान की गई और जिन बच्चों के लिए जरूरी समझा गया उन्हें 8वीं में दाखिला दिलाया गया। कोतवाली क्षेत्र के कई इलाकों में इस तरह के नशाखोर व कचरा बीनने वाले बच्चे नजर आते हैं, जिनके लिए जल्द ही कक्षा प्रारंभ करने की योजना बनाई गई है।

इनका समय दोपहर 3:30 से 4:30 बजे तक रहेगा। इन बच्चों को पढ़ना-लिखना और खेल-खेल में गतिविधियां सिखाने की दिशा में काम होगा।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it