हिमाचल के सभी बस अड्डों पर लगेंगी सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें : मंत्री
हिमाचल प्रदेश के सभी बस अड्डों पर जल्द ही सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें उपलब्ध होंगी

शिमला। हिमाचल प्रदेश के सभी बस अड्डों पर जल्द ही सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें उपलब्ध होंगी। राज्य के परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने यहां कहा कि सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीनें उपलब्ध कराने के तहत पहले चरण में शिमला के पुराना बस अड्डा, कुल्लू, हमीरपुर और पालमपुर में मशीनें स्थापित कर दी गई हैं और यहां पर महिलाओं को यह सुविधा मिलना शुरू भी हो गई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के अन्य बस अड्डों पर भी वेंडिंग मशीनें लगाने की प्रक्रिया जारी है और इसके लिए 42 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इन मशीनों के जरिए महिलाओं को पांच रुपये के मूल्य पर सेनेटरी नैपकिन का एक पैक मिलेगा।
परिवहन मंत्री ने कहा, "राज्य सरकार समाज के हर वर्ग की सुविधा का ध्यान रख रही है। बसों में सफर करने वाले दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए निगम ने प्रदेश के 38 बस अड्डों पर व्हील चेयर्स उपलब्ध करवा दी है। जल्द ही शेष बस अड्डों में भी यह सुविधा मिलना शुरू हो जाएगी।"
उन्होंने कहा कि जिन बस अड्डों पर दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए रैम्प नहीं हैं, वहां इनका निर्माण प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। साथ ही बस अड्डों पर बने शौचालयों की मरम्मत का काम भी अगले एक माह में पूरा कर लिया जाएगा।


