आर के तिवारी बने उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक मुख्य सचिव
कृषि उत्पादन आयुक्त राजेंद्र कुमार तिवारी ने शनिवार देर शाम उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक मुख्य सचिव का कार्यभार ग्रहण कर लिया

लखनऊ। कृषि उत्पादन आयुक्त राजेंद्र कुमार तिवारी ने शनिवार देर शाम उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक मुख्य सचिव का कार्यभार ग्रहण कर लिया।
सूबे के मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय छह महीने का सेवा विस्तार के बाद आज सेवानिवृत्त हो गये। उन्होने श्री तिवारी को प्रभार ग्रहण कराया। 1985 बैच के अधिकारी राजेंद्र कुमार तिवारी नियमित नियुक्ति तक मुख्य सचिव बने रहेंगे। उन्हे हाल ही में कृषि उत्पादन आयुक्त के पद पर तैनाती दी गई थी।
1984 बैच के अधिकारी श्री पांडे ने पिछले साल जून में मुख्य सचिव का पदभार ग्रहण किया था। उनका कार्यकाल हालांकि 28 फरवरी तक था लेकिन योगी सरकार ने उन्हे छह महीने का सेवा विस्तार दिया था।
सेवानिवृत्त मुख्य सचिव ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुये इसका श्रेय अधिकारियों को दिया। उन्होने कहा कि कुंभ , इन्वेस्टर्स समिट और प्रवासी भारतीय सम्मेलन समेत कई अन्य कार्यक्रमों का सफल आयोजन अच्छी टीम के बगैर हो पाना नामुमकिन था।
सूत्रों के मुताबिक श्री पांडे को मुख्यमंत्री का सलाहकार नियुक्त किये जाने की संभावना है।


