Top
Begin typing your search above and press return to search.

जल्द शुरू होगा नियमित ट्रेनों का परिचालन

कोविड-19 महामारी के कारण करीब सात महीने तक बंद रहने के बाद नियमित ट्रेनों का परिचालन जल्द शुरू होगा।

जल्द शुरू होगा नियमित ट्रेनों का परिचालन
X

नयी दिल्ली । कोविड-19 महामारी के कारण करीब सात महीने तक बंद रहने के बाद नियमित ट्रेनों का परिचालन जल्द शुरू होगा। रेलवे बोर्ड ने शुरुआती चरण में विशेष सेवा के रूप में राजधानी, दुरंतो और शताब्दी समेत 39 जोड़ी एसी ट्रेनों के परिचालन की अनुमति दी है।

रेलवे बोर्ड ने आज एसी शयनयान वाली 26 जोड़ी ट्रेनों और एसी चेयर कार वाली 13 जोड़ी ट्रेनों के परिचालन की मंजूरी दी है। सभी जोन महाप्रबंधकों से इन ट्रेनों का परिचालन जल्द शुरू करने के कहा गया है। इसके अलावा भारतीय रेलवे पर्यटन एवं खानपान निगम (आईआरसीटीसी) ने भी दो तेजस ट्रेनों का परिचालन 17 अक्टूबर से शुरू करने की घोषणा की है।

एसी शयनयान श्रेणी में नयी दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी 20503/20504, नयी दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी 20505/20506 और मुंबई सेंट्रल-निजामुद्दीन राजधानी 12953/12954 राजधानी शामिल हैं। भुवनेश्वर-निजामुद्दीन दुरंतो, निजामुद्दीन-पुणे दुरंतो, हावड़ा-पुणे दुरंतो और चेन्नई-निजामुद्दीन दुरंतो तथा बांद्रा टर्मिनल-निजामुद्दीन युवा एक्सप्रेस का भी परिचालन शुरू करने की मंजूरी दी गई है।

लोकमान्य तिलक टर्मिनल-हरिद्वार, लोकमान्य तिलक टर्मिनल-लखनऊ, अजनी-पुणे, नागपुर-अमृतसर, कामाख्या-लोकमान्य तिलक टर्मिनल, कामाख्या-यशवंतपुर, निजामुद्दीन-पुणे, आनंद विहार-नहरियागंज, नयी दिल्ली-कटरा, बाड़मेर-यशवंतपुर, सिकंदराबाद-शालीमार, लिंगमपल्ली-काकिनाड़ा टाउन, सिकंदराबाद-विशाखापत्तनम्, संतरागाछी-चेन्नई, हावड़ा-यशवंतपुर, चेन्नई-मदुरै, बांद्रा टर्मिनल-भुज, भुवनेश्वर-आनंद विहार, भुवनेश्वर-नयी दिल्ली, निजामुद्दीन-पुणे, हावड़ा-पुणे और चेन्नई-निजामुद्दीन एसी एक्सप्रेस ट्रेनें भी विशेष सेवा नियमित ट्रेनों के रूप में चलाई जायेंगी।

आठ जोड़ी शताब्दी ट्रेनें बेंगलुरु-चेन्नई, चेन्नई-कोयम्बटूर, नयी दिल्ली-हबीबगंज, नयी दिल्ली-अमृतसर (12011/12012), नयी दिल्ली-देहरादून, नयी दिल्ली-अमृतसर (12029/12030) और हावड़ा-राँची मार्गों पर चलाई जायेंगी। नयी दिल्ली से श्री माता वैष्णोदेवी कटरा जाने वाली वंदे भारत ट्रेन और जयपुर से दिल्ली सराय रोहिल्ला, अहमदाबाद से मुंबई सेंट्रल, चेन्नई से बेंगलुरु तथा विशाखापत्तनम् से तिरुपति के बीच चलने वाली डबल डेकर ट्रेनों की भी अनुमति दी गई है।

आईआरसीटीसी ने बताया कि वह 17 अक्टूबर से लखनऊ-दिल्ली और अहमदाबाद-मुंबई मार्गों पर तेजस ट्रेनों का परिचालन शुरू कर रहा है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it