Top
Begin typing your search above and press return to search.

तीखी लाल मिर्च के लड्डू दूर भगाएगी हाथियों को

इंसानों के स्वाद को बेस्वाद करने वाली तीखी लाल मिर्च आक्रामक हाथियों पर नियंत्रण करेगी

तीखी लाल मिर्च के लड्डू दूर भगाएगी हाथियों को
X

नैनीताल। इंसानों के स्वाद को बेस्वाद करने वाली तीखी लाल मिर्च आक्रामक हाथियों पर नियंत्रण करेगी। उत्तराखंड का वन विभाग आक्रामक हाथियों को नियंत्रित करने के लिये एक योजना तैयार कर रहा है। जिसमें आक्रामक हाथियों को नियंत्रित करने के लिये तीखी लाल मिर्च के लड्डू बनाकर उन्हें खिलाये जायेंगे।

विभाग ये नुस्खा कार्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) के आसपास के हाथी प्रभावित क्षेत्र में अपनायेगा। कार्बेट पार्क से सटे रामनगर एवं मोहान राष्ट्रीय राजमार्ग (121) में हाथियों ने उत्पात मचाया हुआ है। हाथी राजमार्ग पर चलने वाले वाहनों को अपना शिकार बना रहे हैं। हाथियों ने अभी तक 12 से अधिक घटनाओं को अंजाम देकर कई वाहनों में तोड़फोड़ कर दी है तथा खाद्य सामग्री से लदे कई वाहनों को पलट दिया।

विशेषज्ञों का मानना है कि हाथियों को खाद्य सामग्री खासकर आटा, गुड़ एवं अन्य सामग्री का स्वाद चढ़ गया है। वे भोजन के लिये रामनगर-मोहान राजमार्ग के बीच चलने वाले वाहनों को अपना शिकार बना रहे हैं। इन घटनाओं ने वन विभाग के साथ-साथ रामनगर के व्यापारियों को परेशानी में डाल दिया है। अभी हाल ही में रामनगर के व्यापारियों ने वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन भी किया था।
इसके बाद वन विभाग हरकत में आया। वन विभाग के कोसी रेंज के अधिकारी बी.पी. पंत ने बताया कि हाथियों को राजमार्ग से दूर रखने के लिये सुरक्षाकर्मियों की तीन टुकड़ियां बनायी गयी हैं। ये सुरक्षाकर्मी राजमार्ग पर लगातार गश्त कर रहे हैं और हाथियों को राजमार्ग से दूर रखने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वन विभाग अब हाथियों पर नियंत्रण के लिये आटे में भरपूर मात्रा में लाल मिर्च मिलाकर उसके लड्डू बनाने की योजना बना रहा है।

वन विभाग ने कहा सुरक्षाकर्मी ये लड्डू हाथियों के चलने वाले रास्तों खासकर राजमार्ग क्षेत्र में रख देंगे। इन रास्तों से गुजरने वाले हाथी जब इनको खायेंगे तो उन्हें मिर्च का तीखा स्वाद लगेगा और खाद्य सामग्री के ट्रकों से दूर भागेंगे। उन्होंने कहा कि हाथियों को राजमार्ग से दूर रखने के लिये वे परंपरागत तरीकों को भी इस्तेमाल कर रहे हैं। इनमें मशाल जलाना, पटाखे फोड़ना व ड्रम बजाना जैसे उपाय शामिल हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it