प्रेमी ने की थी युवती की गला दबाकर हत्या
रबूपुरा ! रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र से गत 23 दिसम्बर को अगवा हुई युवती के मामले में खुलासा करते हुए पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार किया है।

रबूपुरा ! रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र से गत 23 दिसम्बर को अगवा हुई युवती के मामले में खुलासा करते हुए पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार किया है। करीब दस माह से चल रही प्रेम कहानी का अंत प्रेमिका की हत्या के बाद हुआ। युवती के अपहरण के बाद प्रेमी ने ही उसका गला दबाकर हत्या कर दी थी। जिसके बाद शव को ईख के खेत में दबा दिया था। मामले का खुलासा होने के बाद युवती के अपहरण के मामले में फंस रहे पूर्व प्रेमी व उसके तीन दोस्तों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने शव को जमीन से निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गौरतलब है कि 23 दिसम्बर को गांव मेंहमदपुर निवासी युवती माधुरी संदिग्ध परस्थिति में गायब हो गई थी। जिसके बाद परिजनों ने गांव मुतैना निवासी चार युवकों पर उसे अगवा करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की थी। वहीं पुलिस पर कोई कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए युवती के परिजन ने एसएसपी से मुलाकात कर कार्रवाई की गुहार लगाई थी। कोतवाली का घेराव कर युवती की बरामदगी की मांग परिजन कई बार कर चुके थे। कई दिनों बाद भी युवती का कोई सुराग नहीं लगा और पुलिस पर मामले के खुलासे को लेकर दबाव बढऩे लगा था। जिसके बाद पुलिस आरोपी बनाए गए चारों युवकों को हिरासत में ले लिया। जिनमें से एक युवती का पूर्व प्रेमी रह चुका था। कई दिन की छानबीन के बावजूद भी पुलिस कोई अहम सुराग नहीं लगा।
इसी दौरान कॉल डिटेल के अनुसार युवती के गांव का ही एक युवक पुलिस की रडार पर आ गया। दो सप्ताह की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए युवती के गांव के ही युवक टिन्कू पुत्र मोतीलाल को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी युवक ने बताया कि युवती से पिछले करीब दस माह से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिसके बाद वह आरोपी पर शादी का दबाव बनाने लगी। पहले से शादी शुदा होने के कारण टिन्कू अब उससे पीछा छुड़ाने के लिए परेशान रहने लगा। आखिर अंत में उसने गत 23 दिसम्बर को युवती को खेतों पर बुला लिया और जंगल में ईख के खेत में बैठ दोनों ने बातचीत की। बताया जाता है युवक के प्रेम में अंधी हो चुकी युवती तीन दिन तक कड़ाके की ठंड के बाद भी खेत में पड़ी रही। इस दौरान आरोपी युवक उसके लिए खाना-पानी भी पहुंचाता रहा। लेकिन इसी बीच युवती ने उस पर फिर से शादी का दबाव बनाया। जिससे गुस्साकर आरोपी ने 26 दिसम्बर को उसके दुप्पटे से गला दबाकर हत्या कर दी और शव को खेत में दबा दिया।


