Top
Begin typing your search above and press return to search.

राजस्थान: पचपदरा रिफाइनरी में लगी भीषण आग, राज्य सरकार ने दिए जांच के आदेश

राजस्थान के पचपदरा स्थित एचपीसीएल रिफाइनरी में आग लगने की घटना ने प्रशासन और सरकार को सतर्क कर दिया है

राजस्थान: पचपदरा रिफाइनरी में लगी भीषण आग, राज्य सरकार ने दिए जांच के आदेश
X

जयपुर। राजस्थान के पचपदरा स्थित एचपीसीएल रिफाइनरी में आग लगने की घटना ने प्रशासन और सरकार को सतर्क कर दिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया और जांच के आदेश दिए हैं।

इस संबंध में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के पोस्ट को र‍ीपोस्‍ट करते हुए इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

सीएम भजनलाल शर्मा ने पोस्‍ट में लिखा कि पचपदरा स्थित एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी में आग लगने की घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों और रिफाइनरी प्रबंधन से त्वरित वार्ता कर स्थिति की विस्तृत जानकारी ली है। वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

वहीं, सुरक्षा मानकों को सर्वोपरि रखते हुए, प्रधानमंत्री मोदी का प्रस्तावित दौरा फिलहाल स्थगित किया गया है। इस घटना की उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए गए हैं।

इससे पहले, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने भी एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि सोमवार को एचआरआरएल रिफाइनरी में क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट के पास आग लगने की एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना के कारण, 21 अप्रैल को प्रधानमंत्री मोदी द्वारा रिफाइनरी के निर्धारित लोकार्पण कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया है।

आग पर काबू पा लिया गया है। किसी भी तरह की जनहानि की हानि की कोई खबर नहीं है। इस घटना के कारणों का पता लगाने और आवश्यक सुधारात्मक उपाय करने के लिए एक जांच शुरू कर दी गई है। लोकार्पण की नई तारीख की घोषणा उचित समय पर की जाएगी।

वहीं, राज्य के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने पचपदरा स्थित रिफाइनरी में हुए आग के हादसे को “बेहद दुर्भाग्यपूर्ण” बताया है। जोधपुर पहुंचने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि यह घटना क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (सीडीयू) में हुई, लेकिन राहत की बात यह है कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है।

मुख्य सचिव ने बताया कि घटना की विस्तृत जांच की जाएगी और इसके कारणों का पता लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि रिफाइनरी के इंजीनियर्स और टीम ने समय रहते आग पर नियंत्रण कर लिया, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और वहां कार्यरत सभी कर्मचारी पूरी तरह सुरक्षित हैं।

वी. श्रीनिवास ने बताया कि मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री का पचपदरा रिफाइनरी दौरा प्रस्तावित है। वे स्वयं भी दोबारा मौके पर जाएंगे और तब तक घटना से जुड़ी और अधिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और रिफाइनरी में कार्यरत सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it