Top
Begin typing your search above and press return to search.

राजस्थान : लड़की भगाने को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट, चार लोग घायल

राजस्थान के झालावाड़ जिले के भवानीमंडी के पालियाखेड़ी गांव में दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इतना ही नहीं, एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की दुकान में आग लगा दी।

राजस्थान : लड़की भगाने को लेकर दो पक्षों में हुई मारपीट, चार लोग घायल
X

झालावाड़। राजस्थान के झालावाड़ जिले के भवानीमंडी के पालियाखेड़ी गांव में दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इतना ही नहीं, एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की दुकान में आग लगा दी।

जानकारी के मुताबिक, भवानी मंडी के पालियाखेड़ी गांव में लड़की को भगाने लेकर एक पक्ष के लोगों ने लड़के के परिजनों के घर पर हमला कर महिलाओं और पुरुषों के साथ मारपीट की। इसके साथ ही एक घर में जमकर तोड़फोड़ की और एक दुकान में आग लगा दी। आग लगने से दुकान में रखा हुआ सामान जलकर खाक हो गया। वहीं, मारपीट में चार लोग घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने बताया कि भवानी मंडी क्षेत्र के कांदलखेड़ी गांव की लड़की को पालियाखेड़ी गांव के समीप हरीशपुर गांव का लड़का लेकर भाग गया था। इस मामले में लड़की के परिजनों की ओर से रविवार सुबह पुलिस में रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। इसके बाद सुबह गांव में पंचायत और समाज के प्रबुद्ध लोगों के बीच बैठक हुई।

बताया जा रहा है कि बैठक के दौरान बात बिगड़ गई और कांदलखेड़ी गांव के लड़की पक्ष ने पालियाखेड़ी गांव में लड़के के रिश्तेदार के मकान में घुसकर जमकर तोड़फोड़ कर हमला कर दिया और दुकान में आग लगा दी। घर में मौजूद महिला पुरुष के साथ मारपीट की, जिससे 4 लोग घायल हो गए।

सूचना पर भवानी मंडी थाना पुलिस एवं फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। दमकल की गाड़ी ने आग पर काबू पाया। फिलहाल स्थिति कंट्रोल में है और गांव में पुलिस तैनात है। घायल लीलाबाई, पद्मा, ईश्वर, और सब्बा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घायल ईश्वर ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "हम लोग पालियाखेड़ी में मेहमान से मिलने गए थे। इसी दौरान वहां मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान बीच-बचान करने के दौरान मुझ पर भी हमला किया गया।"

पद्मा ने बताया कि दूसरे गांव वालों ने उनके गांव में हमला कर दिया। हमलावरों ने लकड़ी और पत्थर से हमला किया, जिसमें चोट आई है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it