नीट पेपर लीक के बाद छात्र की मौत: राहुल गांधी ने सीकर के पीड़ित परिवार से बात कर दिलाया न्याय का भरोसा
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने राजस्थान के सीकर में छात्र प्रदीप मेघवाल के कथित तौर पर नीट पेपर लीक होने के बाद सुसाइड करने पर उसके परिजनों से फोन पर बातचीत की है। राहुल गांधी ने पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा दिलाया और इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का विश्वास जताया।

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने राजस्थान के सीकर में छात्र प्रदीप मेघवाल के कथित तौर पर नीट पेपर लीक होने के बाद सुसाइड करने पर उसके परिजनों से फोन पर बातचीत की है। राहुल गांधी ने पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा दिलाया और इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े रहने का विश्वास जताया।
कांग्रेस पार्टी ने राहुल गांधी के फोन पर पीड़ित परिवार से बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। पार्टी ने 'एक्स' पर लिखा, "नीट का पेपर लीक होने के बाद राजस्थान में सीकर के छात्र प्रदीप मेघवाल ने आत्महत्या कर ली थी। अब नेता विपक्ष राहुल गांधी ने पीड़ित परिवार से बात कर उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।"
कांग्रेस ने आगे लिखा, "प्रदीप मेघवाल के परिवार ने पढ़ाई के लिए लाखों रुपए का लोन लिया था। उसे उम्मीद थी कि उसका सेलेक्शन हो जाएगा, लेकिन पेपर लीक माफियाओं ने उसके सपनों को कुचल दिया। पीड़ित परिवार की मांग है कि पेपर लीक माफियाओं को सख्त सजा मिले और उनके साथ न्याय हो। कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है, हम परिवार को न्याय दिलाकर रहेंगे और इस नाकामी के लिए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल इस्तीफा देना होगा।"
राहुल गांधी ने एनएसयूए के अध्यक्ष विनोद जाखड़ के फोन के जरिए परिवार से बात की। विनोद जाखड़ पीड़ित परिवार से मिलने के लिए उनके घर पहुंचे थे। एनएसयूए अध्यक्ष ने पोस्ट में लिखा, "हम नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बहुत-बहुत धन्यवाद देते हैं वो नीट पेपर लीक के खिलाफ पहले दिन से छात्रों के साथ खड़े हैं। नीट पेपर लीक के कारण जिन परिवारों ने अपने बच्चे खोए हैं वह इस दुख की घड़ी में उनके साथ में हैं। हम विश्वास दिलाते हैं कि एनएसयूआई पूरे देश में पेपर लीक के खिलाफ मजबूती से लड़ाई लड़ेगी।"


