Top
Begin typing your search above and press return to search.

नासिर-जुनैद हत्याकांड में बंद मोनू मानेसर को जमानत: बुलेटप्रूफ जैकेट में रिहा, भारी पुलिस बल की तैनाती

राजस्थान के भरतपुर में ढाई साल से अधिक समय तक जेल में बंद रहे गौ रक्षक मोनू मानेसर को जयपुर हाईकोर्ट से मिली जमानत के बाद शनिवार को सेवर जेल से रिहा कर दिया गया

नासिर-जुनैद हत्याकांड में बंद मोनू मानेसर को जमानत: बुलेटप्रूफ जैकेट में रिहा, भारी पुलिस बल की तैनाती
X

भरतपुर। राजस्थान के भरतपुर में ढाई साल से अधिक समय तक जेल में बंद रहे गौ रक्षक मोनू मानेसर को जयपुर हाईकोर्ट से मिली जमानत के बाद शनिवार को सेवर जेल से रिहा कर दिया गया। मोनू मानेसर की रिहाई के बाद उनके समर्थकों में खुशी का माहौल है, जबकि पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।

मोनू मानेसर को जेल से बाहर लाते समय बुलेटप्रूफ जैकेट पहनाया गया और हरियाणा से आए गौ सेवकों ने उन्हें लेने के लिए पहुंचकर उनका स्वागत किया। पुलिस की गाड़ियों ने उनकी गाड़ी को एस्कॉर्ट किया। मोनू मानेसर के वकील नवीन कुमार जांगड़ा ने बताया कि राजस्थान हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद ढाई साल बाद उनका क्लाइंट आजादी में आया है। उन्होंने कहा, "यह मामला काफी सुर्खियों में रहा है। हमारा क्लाइंट निर्दोष है और उसे फंसाया गया था। जल्द ही न्याय मिलेगा।"

यह मामला 15 फरवरी 2023 को राजस्थान के डीग जिले के घाटमिका निवासी नासिर और जुनैद की हत्या से जुड़ा है। दोनों पर गौ तस्करी का आरोप लगाया गया था। पुलिस जांच में पता चला कि उनकी हत्या कर शवों को जला दिया गया। 15 फरवरी को गोपालगढ़ थाने में दोनों के लापता होने की एफआईआर दर्ज हुई। अगले दिन हरियाणा के भिवानी में एक गाड़ी मिली, जिसमें दो कंकाल पाए गए। जांच में दोनों की पहचान नासिर और जुनैद के रूप में हुई।

पुलिस ने शुरुआत में 8 लोगों को आरोपी बनाया, लेकिन बाद में जांच में मोनू मानेसर सहित कुल 22 लोगों के नाम जोड़े गए। सितंबर 2023 में मोनू मानेसर को गिरफ्तार किया गया था। इस हत्याकांड ने पूरे देश में विवाद पैदा किया था और गौ रक्षक संगठनों तथा राजनीतिक दलों के बीच तीखी बहस छिड़ गई थी। मोनू मानेसर के समर्थक इसे साजिश बता रहे हैं, जबकि पीड़ित पक्ष न्याय की मांग कर रहा है।

रिहाई के बाद मोनू मानेसर के समर्थकों ने नारेबाजी की और उनका जोरदार स्वागत किया। पुलिस ने किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए भारी बल तैनात किया। भरतपुर पुलिस ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुनिश्चित की गई है। मोनू मानेसर की रिहाई से क्षेत्र में तनाव की आशंका जताई जा रही है, लेकिन प्रशासन ने शांति बनाए रखने का आश्वासन दिया है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it