Top
Begin typing your search above and press return to search.

पीएम मोदी के नेतृत्व में मारवाड़-जैसलमेर रेल इंफ्रास्ट्रक्चर में आया बड़ा बदलाव : शेखावत

केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे केवल परिवहन का साधन नहीं रह गई है, बल्कि अब यह देश की 'जीवन रेखा' बन चुकी है

पीएम मोदी के नेतृत्व में मारवाड़-जैसलमेर रेल इंफ्रास्ट्रक्चर में आया बड़ा बदलाव : शेखावत
X

जोधपुर। केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे केवल परिवहन का साधन नहीं रह गई है, बल्कि अब यह देश की 'जीवन रेखा' बन चुकी है।

जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस के विस्तार और अन्य रेलवे सेवाओं के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के डिजिटल, सुरक्षित और आधुनिक भारत के विजन के तहत मारवाड़ और पश्चिमी राजस्थान को करोड़ों रुपए की रेलवे परियोजनाओं की सौगात मिली है।

उन्होंने कहा कि पहले भारतीय रेलवे में देरी और अव्यवस्था को सामान्य माना जाता था और लोग विदेशों की आधुनिक ट्रेनों की तारीफ करते थे। लेकिन पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने इस सोच को पूरी तरह बदल दिया।

गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रयासों से अब जोधपुर में भी अमेरिका, जापान, फ्रांस और स्विट्जरलैंड जैसी आधुनिक रेल प्रणालियों के स्तर की ट्रेनें वंदे भारत एक्सप्रेस के रूप में दौड़ रही हैं।

उन्होंने 'मेक इन इंडिया' और 'सुरक्षित भारत' अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि स्वदेशी रेलवे सुरक्षा प्रणाली ‘कवच’ सरकार की मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि यह आधुनिक तकनीक मानवीय गलती या तकनीकी खराबी की स्थिति में भी दो ट्रेनों की टक्कर रोक सकती है और देशभर में रोजाना यात्रा करने वाले 2 करोड़ से अधिक यात्रियों को सुरक्षा प्रदान करती है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जोधपुर से चलने वाली वंदे भारत ट्रेन को यात्रियों का अभूतपूर्व समर्थन मिला है। इसी वजह से प्रधानमंत्री के निर्देश पर ट्रेन के कोचों की संख्या 8 से बढ़ाकर 20 कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि भगत की कोठी रेलवे स्टेशन को स्टेशन पुनर्विकास योजना के तहत आधुनिक मेगा टर्मिनस के रूप में विकसित किया जा रहा है। इससे भविष्य में जोधपुर की सीधी रेल कनेक्टिविटी बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई और पुणे जैसे दक्षिण भारतीय शहरों से हो सकेगी, जिससे मारवाड़ क्षेत्र के प्रवासी लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा।

गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि जोधपुर अब देश के चुनिंदा रेलवे हब्स में शामिल हो गया है, जहां अगली पीढ़ी की ट्रेनों के रखरखाव की सुविधाएं विकसित की गई हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it