Top
Begin typing your search above and press return to search.

राजस्थान: नशे के सौदागरों पर बारां पुलिस का बड़ा प्रहार, 9 करोड़ 94 लाख की संपत्ति जब्त

राजस्थान की बारां जिला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन व्रज प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो नशा कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनकी करीब 9 करोड़ 94 लाख रुपए की चल-अचल संपत्ति जब्त की है।

राजस्थान: नशे के सौदागरों पर बारां पुलिस का बड़ा प्रहार, 9 करोड़ 94 लाख की संपत्ति जब्त
X

जयपुर। राजस्थान की बारां जिला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन व्रज प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो नशा कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनकी करीब 9 करोड़ 94 लाख रुपए की चल-अचल संपत्ति जब्त की है।

नशा कारोबारियों के खिलाफ बारां पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई में वाहन और अन्य संपत्तियां भी शामिल हैं। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई के बाद जिले में नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। बारां जिला पुलिस की नशे के खिलाफ चल रही मुहिम में यह अब तक की बड़ी कार्रवाई है।

ऑपरेशन को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंधाशु के अनुसार, ऑपरेशन व्रज प्रहार के तहत मुरली मीणा और घांसीलाल मीणा के खिलाफ कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपियों ने नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति को बचाने के लिए कार्रवाई से पहले न्यायालय में फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत कर संपत्ति को वैध दर्शाने का प्रयास किया था।

पुलिस ने जांच के दौरान दस्तावेजों और संपत्तियों का सत्यापन कर कार्रवाई को आगे बढ़ाया। कार्रवाई के तहत दोनों आरोपियों की करीब 9 करोड़ 94 लाख रुपए की चल-अचल संपत्ति एवं बैंक खाते जब्त किए गए हैं। इनमें करीब 5 करोड़ 90 लाख रुपए की अचल संपत्ति और अन्य चल संपत्तियां एवं बैंक खाते शामिल हैं।

पुलिस ने मुरली मीणा के ठिकाने से चार कार, पांच मोटरसाइकिलें और दो ट्रैक्टर भी जब्त किए हैं। अन्य वाहनों के संबंध में भी नियमानुसार कार्रवाई करते हुए बैंक गारंटी से संबंधित आदेश जारी किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, मुरली मीणा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत 9 प्रकरण, जबकि घासीलाल मीणा के खिलाफ तीन प्रकरण दर्ज हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ छीपाबड़ौद थाने में मामले दर्ज बताए गए हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंधाशु ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति को चिह्नित कर उसके विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के कारोबार पर आर्थिक प्रहार के तौर पर देखा जा रहा है।



Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it