Top
Begin typing your search above and press return to search.

राजस्थान विधानसभा में सर्वदलीय बैठक – 18 अगस्त को होगी अहम चर्चा

राजस्थान की सोलहवीं विधानसभा के षष्ठम सत्र से पहले 18 अगस्त को सर्वदलीय बैठक आयोजित की जायेगी

राजस्थान विधानसभा में सर्वदलीय बैठक – 18 अगस्त को होगी अहम चर्चा
X

षष्ठम सत्र से पहले तैयारी – अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बुलायी बैठक

  • जनहित मुद्दों पर जोर – सभी दलों की सहभागिता सुनिश्चित

जयपुर। राजस्थान की सोलहवीं विधानसभा के षष्ठम सत्र से पहले 18 अगस्त को सर्वदलीय बैठक आयोजित की जायेगी।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सर्वदलीय बैठक 18 अगस्त को पूर्वाह्न ग्यारह बजे विधानसभा भवन में बुलायी है। उल्लेखनीय है कि सोलहवीं विधान सभा का षष्ठम सत्र 20 अगस्त से आरम्भ होगा।

श्री देवनानी राजस्थान विधानसभा में सर्वदलीय बैठक बुलाने की पहल करने वाले राज्य के पहले विधानसभा अध्यक्ष हैं जिन्होंने विधानसभा अध्यक्ष बनने के बाद सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक बुलाना शुरु किया और उनकी अध्यक्षता में सोलहवीं राजस्थान विधानसभा में यह सातवीं सर्वदलीय बैठक होगी।

श्री देवनानी ने कहा कि सदन जनहित के मुद्दों पर चर्चा करने का पवित्र स्थल है। इस स्थल की गरिमा को बनाए रखना सभी दलों के विधायकों की सामूहिक जिम्मेदारी होती है। सदन को शांतिपूर्ण चलाने में सर्वदलीय बैठक अहम कदम है।

उन्होंने बताया कि बैठक में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, सरकारी मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, मुख्य सचेतक प्रतिपक्ष रफीक खान, विधायक डॉ. सुभाष गर्ग, मनोज कुमार, थावर चन्द को आमन्त्रित किया गया है।

श्री देवनानी ने कहा कि सर्वदलीय बैठक लोकतांत्रिक परंपराओं को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम है। इससे सदन की कार्यवाही में सभी दलों की सहभागिता सुनिश्चित होती है और जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने कहा कि सर्वदलीय बैठक, विधानसभा सत्र शांतिपूर्ण चलने पर सभी दलों की सहमति का सार्थक एवं महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि सर्वदलीय बैठकों की परंपरा लोकतांत्रिक संवाद और संसदीय समन्वय को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम रही है। पूर्व में आयोजित बैठकों से सदन की कार्यवाही के संबंध में विभिन्न दलों के बीच बेहतर सामंजस्य विकसित हुआ। सर्वदलीय बैठक से सदन के प्रभावी संचालन, जनमहत्व के विषयों पर सार्थक चर्चा तथा संसदीय परंपराओं एवं सदन की गरिमा के अनुरूप कार्यवाही संचालित करने में सकारात्मक वातावरण बना। उन्होंने कहा कि सर्वदलीय बैठकों से आपसी संवाद, विश्वास और सहयोग की भावना को बल मिलता है, जिससे विधानसभा जनअपेक्षाओं के अनुरूप अधिक प्रभावी, उत्तरदायी और परिणामोन्मुख भूमिका निभाने में सक्षम होती है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी सर्वदलीय बैठक भी षष्ठम सत्र को अधिक सुव्यवस्थित, गरिमापूर्ण और जनहित के प्रति समर्पित बनाने में महत्वपूर्ण सिद्ध होगी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it