टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के आरोपी गिरफ्तार! राजस्थान से दबोचे गए तीन बदमाश
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग कर भागे तीन बदमाशों को राजस्थान में कोटा पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में बड़ा खुलासा, ट्रेन से भाग रहे तीन आरोपी कोटा में गिरफ्तार
कोटा। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग कर भागे तीन बदमाशों को राजस्थान में कोटा पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।
कोटा शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बताया कि इस मामले के तीनों मुख्य आरोपियों को कोटा शहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कोटा रेलवे स्टेशन से पकड़। उन्होंने बताया कि सुबह मुंबई क्राइम ब्रांच पुलिस से सूचना मिली थी कि तीनों आरोपियों के एक ट्रेन में होने की संभावना है। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाते हुए केवल 15-20 मिनट में इन बदमाशों को दबोच लिया।
उन्होंने बताया कि कोटा शहर पुलिस, एजीटीएफ एवं रेलवे पुलिस की टीमों के सहयोग से इन आरोपियों को पकड़ा गया। इसके लिए उन्होंने इन टीमों की सराहना भी की।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों में हरियाणा के सोनीपत में ईदगाह कॉलोनी निवासी रेहान उर्फ सुक्का (18) एवं बिहार में बेगूसराय का पिपराई निवासी ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन (22) हाल निवासी अंधेरी वेस्ट, मुम्बई तथा एक नाबालिग शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इस मामले में मुंबई पुलिस की टीम कोटा आ चुकी हैं और तीनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया है।
इन बदमाशों के पकड़े जाने के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कोटा पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम से फोन पर बात की और उनकी हौसला अफजाई की।


