बस्तर के दोषियों पर सरकार करेंगी कड़ी कार्रवाई - पैकरा
रायपुर ! राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग की रिपोर्ट के मद्देनजर छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री रामसेवक पैकरा ने लोगो को आश्वस्त किया हैं

रायपुर ! राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग की रिपोर्ट के मद्देनजर छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री रामसेवक पैकरा ने लोगो को आश्वस्त किया हैं कि सरकार इस मामले के किसी भी दोषी को नही बख्शेगी,चाहे वह पुलिस कर्मी ही क्यों नही हो।
श्री पैकरा ने आज देऱ शाम यहां जारी बयान में कहा कि इस मामले में पुलिस ने पहले ही प्राथमिकी दर्ज की है,और राज्य सरकार ने घटना की गंभीरता को देखते हुए गत जुलाई में इन मामलों को सीआईडी को हस्तांतरित कर दिया था।उन्होने कहा कि सरकार जब नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए काम करती है तो उस समय वह आदिवासी भाई-बहनों की सुरक्षा के लिए भी सजग और चिंतित रहती है।
उन्होने कहा बस्तर में आदिवासियों की सुरक्षा के लिए सरकार सजग और सतर्क है।किसी भी परिस्थिति में किसी को भी उनके साथ दुर्व्यवहार करने या अन्य कोई अशोभनीय व्यवहार करने की अनुमति नहीं दी जा सकती।उन्होने कहा कि जो कोई भी कानून के खिलाफ काम करेगा, उनके साथ अपमानजनक व्यवहार करेगा, तो चाहे वह पुलिसकर्मी ही क्यों न हो, उसे सरकार बर्दाश्त नहीं करेगी और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
श्री पैकरा ने कहा कि राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग की टीम जांच के लिए आई थी।उन्होंने अपनी जांच रिपोर्ट सौंपी, उसमें हमारी भी टिप्पणियां हैं।उन्होंने सरकार को नोटिस जारी किया है।कानून के अनुसार हम उसका जवाब देंगे।


