रेल मंत्री सुरेश प्रभु आज राजधानी में
रायपुर ! रेल मंत्री सुरेश प्रभु उमरिया से आज 21 अप्रैल को रात्रि 11.15 बजे ट्रेन से रवाना होकर कल 22 अप्रैल को सवेरे छह बजे रायपुर पहुंचेंगे।

रायपुर स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ विभिन्न यात्री सेवाओं का करेंगे शुभारंभ
रायपुर ! रेल मंत्री सुरेश प्रभु उमरिया से आज 21 अप्रैल को रात्रि 11.15 बजे ट्रेन से रवाना होकर कल 22 अप्रैल को सवेरे छह बजे रायपुर पहुंचेंगे। प्रभु सवेरे 10.45 बजे मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से उनके निवास में मुलाकात करेंगे। वे इसके बाद डॉ. सिंह के साथ सवेरे 11.30 बजे रायपुर रेल्वे स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न यात्री सुविधाओं का शुभारंभ और लोकार्पण करेंगे, जिनमें रायपुर स्टेशन के गुढिय़ारी प्रवेश द्वार पर दो एस्केलेटर (प्लेट फार्म नम्बर 2/3 और 4/5 पर) और दो लिफ्ट सुविधा का शुभारंभ करेंगे। रायपुर स्टेशन के कार्यक्रम में रेल मंत्री प्रभु, मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, रेल राज्य मंत्री और संचार राज्य मंत्री मनोज सिन्हा और रेल राज्य मंत्री राजेन गोहाई द्वारा संयुक्त रूप से रिमोट दबाकर इन सेवाओं का शुभारंभ किया जाएगा। इस मौके पर दुर्ग रेल्वे स्टेशन के प्लेट फार्म नम्बर एक, 2/3 और 4/5 पर तीन लिफ्ट, दुर्ग और बिलासपुर स्टेशनों के लिए हाई स्पीड वाई-फाई सुविधा, डोंगरगढ़ स्टेशन के लिए नवनिर्मित फुट ओव्हर ब्रिज, केन्द्री (नया रायपुर) स्टेशन के लिए नेरोगेज रख-रखाव सुविधा का शुभारंभ और राजनांदगांव-नागपुर के बीच तीसरी नई रेल लाईन का शिलान्यास भी किया जाएगा। कार्यक्रम में रेल बजट वर्ष 2016-17 में घोषित दुर्ग-हजरत निजामुद्दीन-दुर्ग हमसफर द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस रेल सेवा का भी शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम में रेल्वे बोर्ड के चेयरमेन ए.के. मित्तल सहित रेल्वे के अनेक वरिष्ठ अधिकारी, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे। रेल मंत्री प्रभु इस कार्यक्रम के बाद शाम 4.30 बजे नया रायपुर के सत्य सांई सौभाग्यम ऑडिटोरियम आएंगे और वहां आयोजित 62वें रेल्वे सप्ताह राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में शामिल होने के बाद रात्रि 7.25 बजे नियमित विमान द्वारा दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।


