विवेकानंद के पदचिन्हों पर बढ़ रहे युवा : रमन
रायपुर ! मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज बूढ़ातालाब (विवेकानंद सरोवर) के सामने इंडोर स्टेडियम में स्वामी विवेकानंद की जयंती

छत्तीसगढ़ के विकास में स्वामी के आदर्शों की छाप : अनुपम खेर
रायपुर ! मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज बूढ़ातालाब (विवेकानंद सरोवर) के सामने इंडोर स्टेडियम में स्वामी विवेकानंद की जयंती (राष्ट्रीय युवा दिवस) के अवसर पर आयोजित अराईज कार्यक्रम को मुख्य अतिथि की आसंदी से संबोधित करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद के पदचिन्हों पर प्रदेश के युवा आगे बढ़ रहे हैं। जहां प्रेरणा की बात आती है वहां दुनिया भर के युवा स्वामी विवेकानंद की ओर देखते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने कहा कि प्रदेश के युवाओं की आंखों में विश्वास ,उत्साह और ललक देखकर मुझे पूरा विश्वास है कि छत्तीसगढ़ का आनेवाला भविष्य सुनहरा होगा। छत्तीसगढ़ के दूर-दराज के क्षेत्रों से निकलकर आज हमारे युवा उच्च शैक्षणिक संस्थानों में अध्ययन कर रहे हैं। राज्य सरकार द्वारा नक्सल प्रभावित क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिये संचालित प्रयास आवासीय विद्यालय से इस साल 27 युवा आईआईटी के लिये चयनित हुए हैं । छत्तीसगढ़ के युवा चुनौतियों का सामना कर सभी क्षेत्रों में कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। राज्य सरकार द्वारा युवाओं का बेहतर भविष्य गढऩे राष्ट्रीय स्तर के शैक्षणिक संस्थानों को स्थापित करने के लिये हरसंभव सहयोग दिया जा रहा है। जिसका परिणाम है कि आज छत्तीसगढ़ में आईआईटी, आईआईएम, एनआईटी, एम्स, ट्रिपल आईटी, राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय सहित 10 मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं। छत्तीसगढ़ के 27 जिलों में युवाओं के कौशल उन्नयन के लिये लाईवलीहुड कॉलेज संचालित हैं जहां अब तक 2 लाख से अधिक युवाओं को हुनरमंद बनाया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिये गौरव की बात है कि स्वामी विवेकानंद ने कलकत्ता के बाद सबसे ज्यादा समय रायपुर में व्यतीत किये। बूढ़ा तालाब के सामने ही उनका निवास था। ऐसा कहा जाता है कि स्वामी विवेकानंद जब जबलपुर के रास्ते छत्तीसगढ़ आ रहे थे तो चिल्फी घाटी में ही उन्हे आध्यात्मिक ज्ञान की अनुभूति हुई। स्वामी विवेकानंद ने 39 साल की अल्प आयु में जो उपलब्धियां अर्जित की हैं, वह अद्वितीय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के युवा प्रतिभा एवं हुनर में किसी से कम नहीं है। देश के युवाओं ने शिक्षा, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में विश्व पटल पर नए-नए कीर्तिमान स्थापित किये हैं। सोलह साल की आयु में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले सचिन तेंदुल्कर विश्व के महानतम खिलाड़ी बन गए। विश्वनाथन आनंद 18 वर्ष की आयु में शतरंज के ग्रैंडमॉस्टर बन गए। युवावस्था में विश्व की सबसे बड़ी कंपनियों में शीर्ष पदों पर भारतीय युवा पहुंच गए हैं। आईआईटी से निकले भारतीय छात्र सुंदर पिचई गुगल और सत्या नाडेला माइक्रोसाफ्ट के शीर्ष पदों पर पहुंच गए।
इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता श्री अनुपम खेर ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का ऐसा राज्य है जहां स्वामी विवेकानंद के आदर्शों की जीवंत झलक देखने को मिलती है। देश का एकमात्र एयरपोर्ट स्वामी विवेकानंद के नाम पर है जो रायपुर शहर में है। इस अवसर पर श्री अनुपम खेर ने अपने जीवन के संघर्ष और अनुभवों को युवाओं सेे साझा किया। उन्होने कहा कि यहां के लोगों के मुस्कुराते चेहरे से पता लगता है कि छत्तीसगढ़ निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि असफलताएं जितना सिखाती है उतना सफलताएं नहीं सिखाती। अभिभावकों को अपने बच्चों को असफलता के दौरान भी प्रेरित करते रहना चाहिये।
अनुपम खेर ने किया रमन ऐप का लोकार्पण- राष्ट्रीय युवा दिवस समारोह में फिल्म अभिनेता अनुपम खेर ने रमन ऐप का लोकार्पण किया। इस ऐप के माध्यम से लोग सीधे अपने प्रदेश के मुख्यमंत्री से जुड़ सकते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के इस ऐप पर सभी नवीनतम जानकारी एवं अपडेट उपलब्ध है। रमन ऐप पर मुख्यमंत्री की रेडियो वार्ता रमन के गोठ के विभिन्न ऐपिसोड को सुना जा सकता है। ुख्यमंत्री के दौरे, बैठक एवं विभिन्न आयोजनों की तस्वीर एवं वीडियो भी देखा जा सकता है। मुख्यमंत्री के सार्वजनिक जीवन, उनकी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी भी इस ऐप से प्राप्त की जा सकती है। डॉ. रमन ऐप एंड्रायड एवं आईओएस दोनो प्लेटफार्म पर उपलब्ध है।
मुख्यमंत्री ने छात्रों को दिए लैपटॉप
स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और सुप्रसिद्ध फिल्म अभिनेता अनुपम खेर ने आज इंडोर स्टेडियम में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ युवा सूचना क्रांति योजना के अंतर्गत सत्रह कॉलेजों के छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क लैपटॉप वितरण किए।
रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने अतिथियों को किया मुग्ध
युवाओं ने विभिन्न सामाजिक विषयों, लोक गीत और संगीत पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रदेश के उभरते सितारे कुमारी अलिशा बेहुरा और कुमारी अनन्या चौकसे ने मनमोहक प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री ने दोनों कलाकारों को एक-एक लाख रुपए के चेक प्रोत्साहन स्वरुप प्रदान किए। कोपल वाणी विद्यालय के दिव्यांग छात्र-छात्राओं की प्रस्तुति को देख दर्शक मंत्रमुग्ध हुए। कार्यक्रम में रायपुर के 42 महाविद्यालयों के युवाओं ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। खेल एवं युवा कल्याण विभाग और जिला प्रशासन रायपुर द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में फैशन शो, क्विज प्रतियोगिता सहित युवाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गयी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद के जीवन और दर्शन पर आधारित भाषण तथा निबंध प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र भी वितरित किए।


