Top
Begin typing your search above and press return to search.

राहुल गांधी करते हैं नकारात्मक राजनीति : भाजपा नेता

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी पर नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाया

राहुल गांधी करते हैं नकारात्मक राजनीति : भाजपा नेता
X

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने बुधवार को कांग्रेस और राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी पर नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी नकारात्मक राजनीति करते हैं, ऐसे में कांग्रेस का सदस्य कौन बनेगा?

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 'संगठन पर्व-2024' के तहत राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन हुआ। इसमें हिस्सा लेने पहुंचे अरुण सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि भाजपा का लगातार जनाधार बढ़ रहा है, जिससे कांग्रेस हताश और निराश है। राहुल गांधी नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं, इसलिए कांग्रेस का कोई सदस्य नहीं बनना चाहता।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी टुकड़े-टुकड़े गैंग के साथ खड़े होते दिखते हैं, कभी रचनात्मक सुझाव नहीं देते। विपक्षी पार्टी ने हमेशा संवैधानिक संस्थाओं का अपमान किया है। कांग्रेस के लोग संविधान की प्रति दिखाकर नौटंकी करते हैं, जिसे देश की जनता जानती है। यही कारण है कि कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो रहा है।

राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने मध्य प्रदेश के भाजपा संगठन की तारीफ की और विधानसभा तथा लोकसभा चुनाव में पार्टी को मिली सफलता का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश संगठन दूसरे राज्यों के लिए मॉडल है। यहां के संगठन की अग्रणी भूमिका रही है। यहां की संरचना और संगठन की कार्यशैली को दूसरे राज्य भी अपनाते हैं।

भाजपा नेता ने आगे कहा कि यह सदस्यता अभियान हमारे लिए काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि भाजपा विचारधारा के आधार पर चलती है और उसके लिए संकल्प, पंच निष्ठाएं हैं। हम विचारधारा पर समझौता नहीं करते।

सदस्यता अभियान में सांसद, विधायक और अन्य पदाधिकारी ज्यादा से ज्यादा लोगों से संपर्क करेंगे और पार्टी की नीतियों से अवगत कराएंगे। पार्टी के पदाधिकारी लोगों तक पहुंचकर पार्टी की रीति-नीति से अवगत कराएंगे। पार्टी से जुड़ने का लोगों से अनुरोध किया जाएगा। प्रदेश में पिछली बार सदस्यता अभियान में 96 लाख सदस्य बनाए गए थे। इस बार लक्ष्य को 1.50 करोड़ रखा गया है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it