Top
Begin typing your search above and press return to search.

पंजाब में बारिश से फसलों को हुए नुकसान के लिए किसानों की मदद करेगा अकाली दल

पंजाब में बारिश से फसलों को हुए नुकसान के लिए अकाली दल किसानों की मदद करेगा

पंजाब में बारिश से फसलों को हुए नुकसान के लिए किसानों की मदद करेगा अकाली दल
X

चंडीगढ़। पंजाब में बारिश से फसलों को हुए नुकसान के लिए अकाली दल किसानों की मदद करेगा।

शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने मंगलवार को कहा कि पार्टी उन संकटग्रस्त किसानों की मदद के लिए एक कार्यक्रम तैयार करेगी, जिनकी 1.25 लाख एकड़ में खड़ी फसलें बर्बाद हो गई हैं। बादल ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने संकटग्रस्त किसानों को पूरी तरह से उपेक्षित कर दिया है।

पार्टी के 'पंजाब बचाओ' अभियान के तहत बुढलाडा शहर में एक रैली को संबोधित करते हुए अकाली दल अध्यक्ष ने कहा, "हम प्रभावित किसानों को गेहूं के साथ-साथ हरा और सूखा चारा उपलब्ध कराने के लिए एक कार्यक्रम बना रहे हैं।"

उन्होंने कहा कि इस पूरी कवायद की रूपरेखा बुधवार को चंडीगढ़ में पार्टी के जिला अध्यक्षों और हल्का प्रभारियों की बैठक में तय की जाएगी। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किसानों को छोड़ दिया है। किसानों को पिछले साल बाढ़ में धान की फसल बर्बाद होने का मुआवजा अभी तक नहीं मिला है।

बादल ने कहा कि अब बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से 1.25 लाख एकड़ जमीन पर गेहूं की फसल बर्बाद होने के बाद भी उन्हें कोई तत्काल मुआवजा नहीं दिया गया है, जबकि आम आदमी पार्टी ने उनसे इसका वादा किया था।

उन्होंने कहा कि इसके बावजूद आप संयोजक अरविंद केजरीवाल गुजरात में झूठ बोल रहे हैं कि 'आप' सरकार ने पिछले साल बाढ़ के एक महीने के भीतर ही पंजाब के किसानों को 50,000 रुपए प्रति एकड़ की दर से मुआवजा दिया था। बादल ने कहा कि 'आप' और मुख्यमंत्री मान के झूठ की कोई सीमा नहीं है।

उन्होंने पूछा, "भले ही यह साफ है कि पंजाब में बेअदबी की घटनाएं 2014 में 'आप' के राज्य में आने के बाद शुरू हुईं, लेकिन मुख्यमंत्री ने आज दावा किया कि बेअदबी की घटनाओं के लिए मैं जिम्मेदार हूं। अगर ऐसा है तो वह मेरे खिलाफ मुकदमा क्यों नहीं दर्ज कराते?"

बादल ने इस बारे में भी बात की कि कैसे 'आप' और कांग्रेस ने राज्य में एसएडी के बढ़ते प्रभाव को रोकने की अपनी हताश कोशिश में हाथ मिला लिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा अमरिंदर सिंह वारिंग भी मुख्यमंत्री की ही भाषा बोल रहे हैं।

एसएडी अध्यक्ष ने यह भी घोषणा की कि मानसा में एक पशु चिकित्सा महाविद्यालय के साथ-साथ एम्‍स के स्तर का एक अस्पताल भी खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी लिंक सड़कों को फिर से बनाया जाएगा और सभी 'धानियों' को जोड़ने के लिए सड़कें बनाई जाएंगी।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि राज्य के सभी 12,500 गांवों में गलियों और नालियों को कंक्रीट से बनाया जाएगा, और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि हर परिवार के पास एक 'पक्का' घर हो।

इस मौके पर बोलते हुए बठिंडा की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने बताया कि कैसे पिछली एसएडी सरकार ने अकेले बुढलाडा में सिंचाई परियोजनाओं पर 800 करोड़ रुपए खर्च किए थे। उन्होंने कहा कि 'आप' सरकार किसानों को मुआवजा देने में बार-बार नाकाम रही है, चाहे वह बाढ़ हो, बॉलवर्म का हमला हो या ओलावृष्टि।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it