Top
Begin typing your search above and press return to search.

तरनतारन लॉ कॉलेज में गोलीकांड: छात्रा की हत्या कर छात्र ने खुदकुशी

सोमवार सुबह तरनतारन जिले के उसमा गांव स्थित माई भागो लॉ कॉलेज में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। क्लास शुरू होते ही एक छात्र ने अपनी सहपाठी छात्रा को गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली

तरनतारन लॉ कॉलेज में गोलीकांड: छात्रा की हत्या कर छात्र ने खुदकुशी
X

क्लासरूम में चली गोलियां, छात्रा की मौत और आरोपी ने की आत्महत्या

  • पंजाब के तरनतारन में कॉलेज कांड, सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल
  • लॉ कॉलेज में दिल दहला देने वाली वारदात, छात्रा की हत्या के बाद आरोपी ने खुद को मारी गोली
  • क्लास शुरू होते ही गोलीकांड, कॉलेज परिसर में फैली दहशत

तरनतारन (पंजाब)। सोमवार सुबह तरनतारन जिले के उसमा गांव स्थित माई भागो लॉ कॉलेज में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। क्लास शुरू होते ही एक छात्र ने अपनी सहपाठी छात्रा को गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई और छात्रों में दहशत का माहौल है।

मृतका की पहचान संदीप कौर (20), निवासी नौशहरा पन्नुआ के रूप में हुई है। वहीं आरोपी छात्र प्रिंस राज, निवासी मलियां गांव बताया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि आरोपी क्लासरूम में दाखिल हुआ और संदीप कौर के सिर पर बेहद करीब से गोली दाग दी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस जांच और सवाल

डीएसपी जगबीर सिंह ने बताया कि घटना क्लास शुरू होते ही हुई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आरोपी छात्र पिस्तौल लेकर कॉलेज परिसर में कैसे दाखिल हुआ। क्या गेट पर कोई सुरक्षा जांच नहीं थी?

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हथियार लाइसेंसी था या अवैध। शुरुआती जांच में शक जताया जा रहा है कि यह मामला एकतरफा प्यार से जुड़ा हो सकता है। वेलेंटाइन वीक के दौरान आरोपी ने छात्रा को प्रपोज किया था, लेकिन उसके इनकार के बाद उसने यह कदम उठाया।

मां का आरोप और कॉलेज प्रबंधन पर सवाल

मृतका की मां हरजिंदर कौर ने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रबंधन ने उन्हें फोन कर कहा कि “छोटा सा झगड़ा हुआ है, बेटी को चोट लगी है।” लेकिन जब वह कॉलेज पहुंचीं तो बेटी खून से लथपथ मृत पड़ी थी। उन्होंने कहा कि कॉलेज में बच्चों की सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं है।

मृतका के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में छह बहनें और एक छोटा भाई है।

कॉलेज में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

वारदात के बाद मौके पर पहुंचे अभिभावकों ने कॉलेज प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना है कि छात्रों की सुरक्षा के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। किसी ने यह तक नहीं देखा कि छात्र हथियार लेकर अंदर आ रहा है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it