Top
Begin typing your search above and press return to search.

पंजाब: अमृतसर में तारा वाला पुल पर ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक की मौत; पुरानी रंजिश में बरसीं गोलियां

पंजाब के अमृतसर में तारा वाला पुल के पास गुरुवार देर शाम हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। पुरानी रंजिश के चलते हुए इस हमले में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे का इलाज जारी है।

पंजाब: अमृतसर में तारा वाला पुल पर ताबड़तोड़ फायरिंग, युवक की मौत; पुरानी रंजिश में बरसीं गोलियां
X

अमृतसर। पंजाब के अमृतसर में तारा वाला पुल के पास गुरुवार देर शाम हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। पुरानी रंजिश के चलते हुए इस हमले में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे का इलाज जारी है।

पुलिस के मुताबिक, अजनाला के कोटली सक्का गांव निवासी शरनजीत सिंह और आकाशदीप सिंह बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। जैसे ही वे तारा वाला पुल के पास पहुंचे, वहां पहले से घात लगाए बैठे करीब छह युवकों ने उन पर अचानक गोलियां चला दीं।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। हमले में शरनजीत सिंह को एक गोली लगी, जबकि आकाशदीप सिंह के शरीर में दो गोलियां लगीं। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, इलाज के दौरान आकाशदीप सिंह ने दम तोड़ दिया। वहीं, शरनजीत सिंह का इलाज जारी है।

वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और जांच शुरू की। पुलिस को मौके से तीन खाली कारतूस के खोखे मिले हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि कम से कम तीन राउंड फायरिंग की गई।

मामले पर जानकारी देते हुए एसीपी रविंदर पाल सिंह संधू ने कहा कि यह घटना किसी गैंगवार से जुड़ी नहीं है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी।

पुलिस के अनुसार, करीब दो से तीन साल पहले भी दोनों पक्षों के बीच गंभीर विवाद और मारपीट की घटना हुई थी। उसी रंजिश के चलते इस हमले को अंजाम दिया गया।

पुलिस ने हमले में शामिल दो मुख्य आरोपियों की पहचान कर ली है। अन्य हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच जारी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

इस वारदात के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच कर रही है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it