Top
Begin typing your search above and press return to search.

पंजाब : ड्यूटी पर तैनात एएसआई की गोली मारकर हत्या, सीएम मान ने जताया शोक

पंजाब के अमृतसर जिले में ड्यूटी पर तैनात असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर हरजीत सिंह के सर्वोच्च बलिदान देने पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पंजाब सरकार शहीद के परिवार के साथ चट्टान की तरह खड़ी है।

पंजाब : ड्यूटी पर तैनात एएसआई की गोली मारकर हत्या, सीएम मान ने जताया शोक
X

अमृतसर। पंजाब के अमृतसर जिले में ड्यूटी पर तैनात असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर हरजीत सिंह के सर्वोच्च बलिदान देने पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पंजाब सरकार शहीद के परिवार के साथ चट्टान की तरह खड़ी है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने लिखा, "अमृतसर जिले में अपनी ड्यूटी निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर हरजीत सिंह की बहादुरी को दिल से सलाम... उनकी असीम हिम्मत और कर्तव्य के प्रति समर्पण को हमेशा याद रखा जाएगा। पंजाब सरकार दुख की इस घड़ी में शहीद के परिवार के साथ चट्टान की तरह खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने आगे लिखा, "पंजाब सरकार की ओर से परिवार को 1 करोड़ रुपए की अनुग्रह राशि और एचडीएफसी बैंक की ओर से 1 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बीमा भुगतान दिया जाएगा। हम अपने शहीदों और उनके परिवारों को हरसंभव मदद देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उनका सर्वोच्च बलिदान हम सभी को पूरी बहादुरी और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए प्रेरित करता रहेगा।"

पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "अमृतसर जिले के हमारे बहादुर पुलिस अधिकारी एएसआई हरजीत सिंह ने ड्यूटी के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया। पंजाब पुलिस इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।"

डीजीपी ने लिखा, "मुख्यमंत्री ने उनके परिवार के लिए 1 करोड़ रुपए की अनुग्रह राशि की घोषणा की है और एचडीएफसी बैंक की ओर से उनके परिवार को 1 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बीमा भुगतान भी किया जाएगा। शहीद को पूरे पुलिस सम्मान के साथ विदाई दी जाएगी। उनकी आत्मा को शांति मिले। हमारी प्रार्थनाएं उनके परिवार और रिश्तेदारों के साथ हैं।"

बता दें कि गेट हकीमा इलाके में देर रात ड्यूटी के दौरान अज्ञात हमलावरों ने एएसआई हरजीत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। गोली लगने के बाद वे घायल हो गए थे। तत्काल उन्हें अमृतसर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और थाने की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।



Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it