Top
Begin typing your search above and press return to search.

पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान कर रहे भ्रष्टाचार की सरपरस्तीः सुनील जाखड़

भारतीय जनता पार्टी के पंजाब अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के ईडी संबंधी बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि तथाकथित कट्टर ईमानदार सरकार भ्रष्टाचार की सरपरस्ती कर रही है।

पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान कर रहे भ्रष्टाचार की सरपरस्तीः सुनील जाखड़
X

चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी के पंजाब अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के ईडी संबंधी बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि तथाकथित कट्टर ईमानदार सरकार भ्रष्टाचार की सरपरस्ती कर रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि ईडी का छापेमारी का मामला केवल अमन अरोड़ा या संजीव अरोड़ा तक सीमित नहीं है। असली मुद्दा भ्रष्ट तरीकों से भूमि उपयोग परिवर्तन (सीएलयू) तैयार कर किसानों की जमीन हड़पने का है। उन्होंने कहा कि मोहाली मामले में अमन अरोड़ा के करीबी लोगों द्वारा सनटेक सिटी मोहाली में 30 एकड़ जमीन से जुड़े लगभग 170 करोड़ रुपए के मामले में गड़बड़ी की गई, जबकि लुधियाना में संजीव अरोड़ा की फर्म हैम्पटन स्काई रियल्टी द्वारा लगभग 40 एकड़ जमीन को फर्जी सीएलयू के माध्यम से गलत तरीके से इस्तेमाल किया गया।

जाखड़ ने आरोप लगाया कि जिस जमीन को उद्योग लगाने के लिए सरकार ने किसानों से बेहद कम कीमत पर लिया था, उसी जमीन का इस्तेमाल अवैध कॉलोनियां काटने के लिए किया गया। उन्होंने कहा कि यदि वहां उद्योग स्थापित नहीं हुआ, तो वह जमीन किसानों को वापस मिलनी चाहिए थी, लेकिन इसके बजाय उस जमीन से करोड़ों रुपए कमाए गए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चाहे युवा हो या राज्य का मुखिया, यदि उसके कदम नशे से लड़खड़ा रहे हों तो वह घर को लग रही दीमक को नहीं रोक सकता। यदि मुख्यमंत्री वास्तव में कट्टर ईमानदार होते, तो वे खुद इस करोड़ों के भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते, लेकिन वे तो इसकी सरपरस्ती करते रहे। अब जब ईडी कार्रवाई कर रही है, तो सरकार खुद को बेबस दिखा रही है।

सुनील जाखड़ ने कहा कि 'सबका साथ, सबका विकास' के बाद अब 'सबका हिसाब' होने का समय आ गया है और दिल्ली से आकर बैठे वे “सुपर मंत्री” भी जांच के दायरे में आएंगे, जो कथित रूप से इस सीएलयू विभाग को चला रहे हैं। मुख्यमंत्री अपने लोगों के गुनाहों पर पर्दा डालने के लिए खुद को बेबस साबित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस भ्रष्टाचार को मुख्यमंत्री पहले “कैंसर” बताते थे, अब उसी भ्रष्टाचार रूपी कैंसर की रक्षा क्यों कर रहे हैं?

पंजाब के लोग अब अच्छी तरह समझ चुके हैं कि आम आदमी पार्टी सरकार के शासन में किस तरह लूट हो रही है। पंजाब हिसाब चाहता है और यह हिसाब होकर रहेगा।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it