Top
Begin typing your search above and press return to search.

अमृतसर में हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़, 10 आधुनिक पिस्तौल के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

पंजाब की काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए 10 आधुनिक पिस्तौल के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

अमृतसर में हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़, 10 आधुनिक पिस्तौल के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार
X

अमृतसर। पंजाब की काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए 10 आधुनिक पिस्तौल के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर की ओर से की गई इस कार्रवाई के बारे में मंगलवार को पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चल रहे अभियान के दौरान सीमा पार से अवैध हथियारों की आवक को रोकने के लिए पंजाब पुलिस द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों के हिस्से के रूप में काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने तीन व्यक्तियों को 10 विदेशी अति-आधुनिक 30 बोर पिस्तौलों और मैगजीनों सहित गिरफ्तार करके सीमा पार से चल रहे अवैध हथियार तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है।

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान दलजीत सिंह (निवासी गांव सिंघोकी, अमृतसर), गुरजंट सिंह (निवासी गांव सिंघोकी, अमृतसर), और अरशदीप सिंह (निवासी गांव निसोके, अमृतसर) के रूप में हुई है। पुलिस टीमों ने पिस्तौल बरामद करने के अलावा उनके मोटरसाइकिल, जिसका उपयोग अवैध हथियारों की तस्करी के लिए किया जा रहा था, को भी जब्त कर लिया है।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार किए गए मुलजिम विदेशी हैंडलर के संपर्क में थे, जो पुलिस से बचने और अवैध हथियारों की खेप को पहुंचाने के लिए एन्क्रिप्टेड संचार प्लेटफार्मों का उपयोग कर रहा था। उन्होंने कहा कि इन हथियारों को आगे संगठित नेटवर्क के माध्यम से आपराधिक तत्वों को सप्लाई किया जाना था।

उन्होंने कहा कि सीआई अमृतसर की टीमों को विशेष गुप्त सूचना मिली थी कि संदिग्ध दलजीत सिंह और अरशदीप सिंह, अपने साथी गुरजंट सिंह के साथ रामदास सेक्टर में ड्रोन के माध्यम से भेजी गई हथियारों की खेप प्राप्त की है और वे इस खेप को दूसरे पक्ष को डिलीवरी करने के लिए एक काले मोटरसाइकिल पर अमृतसर के वेरका बाईपास की ओर जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इस जानकारी पर तुरंत कार्रवाई करते हुए सीआई अमृतसर की टीमों ने छापा मारा और वेरका बाईपास पर फतेहगढ़ शुकरचक अंडर-ब्रिज के निकट तीनों को रोका और उनके कब्जे से मैगजीनों सहित 10 विदेशी और 30 बोर पिस्तौल बरामद कीं।

डीजीपी ने बताया कि इस मामले के आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए आगे जांच जारी है। वहीं, इस संबंध में थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी), अमृतसर में आर्म्स एक्ट की धाराओं 25, 25(1ए), 25(1बी), 25(7), और 25(8), और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 61(2) और 111 के तहत 27 अक्टूबर को एफआईआर दर्ज की गई है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it