Top
Begin typing your search above and press return to search.

जालंधर में यूथ रन 2026 - मोहाली के बाद फिटनेस का नया उत्सव

पंजाब के मोहाली में शानदार प्रतिक्रिया मिलने के बाद अब ‘हसदा, खेड़ा ते रंगला पंजाब’ अभियान के तहत पंजाब यूथ रन 2026 का आयोजन 23 अगस्त को जालंधर में किया जाएगा

जालंधर में यूथ रन 2026 - मोहाली के बाद फिटनेस का नया उत्सव
X

23 अगस्त को मैराथन धूम - शिवानी पार्क से होगी शुरुआत

  • हर उम्र का जोश - 5 साल के बच्चे से 85 साल के बुजुर्ग तक शामिल
  • 40 नकद पुरस्कार रखे गए - रन, फिटनेस और फन का संगम

जालंधर। पंजाब के मोहाली में शानदार प्रतिक्रिया मिलने के बाद अब ‘हसदा, खेड़ा ते रंगला पंजाब’ अभियान के तहत पंजाब यूथ रन 2026 का आयोजन 23 अगस्त को जालंधर में किया जाएगा।

आम आदमी पार्टी पंजाब यूथ विंग के प्रदेश उपाध्यक्ष बीर दविंदर सिंह ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि पंजाब यूथ रन की शुरुआत मोहाली से की गयी थी, जहां विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने कहा कि पांच वर्ष के बच्चे से लेकर 85 वर्ष के बुजुर्ग तक ने मैराथन में हिस्सा लेकर साबित किया कि फिटनेस और खेलों के लिए उम्र कोई बाधा नहीं है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के ‘रंगला पंजाब’ के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाते हुए अब पंजाब यूथ रन 2026 का आयोजन जालंधर में किया जा रहा है।

बीर दविंदर सिंह के अनुसार पांच किलोमीटर की मैराथन 23 अगस्त को सुबह छह बजे मॉडल टाउन स्थित शिवानी पार्क से शुरू होगी। इसमें सभी आयु वर्ग के लोग हिस्सा ले सकेंगे। आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम केवल मैराथन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रतिभागियों के लिए विभिन्न मनोरंजक और खेल गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाने के लिए करीब 40 नकद पुरस्कार भी रखे गये हैं।

आयोजकों के अनुसार इच्छुक प्रतिभागी कार्यक्रम के बोर्ड पर दिये गये क्यूआर कोड अथवा आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर उपलब्ध क्यूआर कोड को स्कैन करके अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य पंजाब के लोगों में फिटनेस, खेल भावना, सकारात्मक सोच और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही स्वस्थ और जीवंत पंजाब के निर्माण के संदेश को भी आगे बढ़ाया जाएगा।

पत्रकार वार्ता में मेयर विनीत धीर, हलका प्रभारी नितिन कोहली, पंजाब खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के चेयरमैन काकू अहलूवालिया, यूथ विंग अर्बन अध्यक्ष रुबल संधू, ग्रामीण अध्यक्ष गगनदीप सहित पार्टी के कई नेता एवं पदाधिकारी मौजूद थे। आयोजकों ने लोगों से 23 अगस्त को शिवानी पार्क पहुंचकर पंजाब यूथ रन 2026 में हिस्सा लेने और ‘रन, फिटनेस, फन और रंगला पंजाब’ के संदेश को मजबूत करने की अपील की।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it