पंजाब: घर के बाहर बम नुमा डिवाइस रखने के आरोप में 2 गिरफ्तार
पंजाब में जालंधर की बीएसएफ कालोनी में कुछ दिन पहले साबून कारोबारी सतीश कुमार के घर के बाहर बम नुमा डिवाइस रखने के आरोप में पुलिस ने पुराने नौकर सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
जालंधर। पंजाब में जालंधर की बीएसएफ कालोनी में कुछ दिन पहले साबून कारोबारी सतीश कुमार के घर के बाहर बम नुमा डिवाइस रखने के आरोप में पुलिस ने पुराने नौकर सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस आयुक्त अर्पित शुक्ला ने आज बताया कि गिरफ्तार लोगों की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी सन्नी कुमार और धनंजय के रूप में हुई है। धनंजय सतीश कुमार के घर पर नौकर था। धनंजय और सन्नी ने मिल कर घी और तेल की सप्लाई का काम शुरू किया था।
शुक्ला ने बताया कि अपने बढ़े हुए खर्च को पूरा करने के लिए इन्होंने दादा कालोनी पार्क में एक बमनुमा डिवाइस तैयार किया और उसे सतीश कुमार के घर के गेट पर लटका दिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनकी योजना सतीश से पांच लाख रुपये मांगने की थी।
उल्लेखनीय है कि तीन मार्च को बीएसएफ कालोनी की एक कोठी के बाहर कुछ नकाबपोश एक बमनुमा चीज लटका गए थे जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में पाया कि बम नकली है।


