प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया लाइट हाउस प्रोजेक्ट का शिलान्यास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 6 राज्यों में छह स्थानों पर लाइट हाउस प्रोजेक्ट की आधारशिला रखी

साल के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 6 राज्यों में छह स्थानों पर लाइट हाउस प्रोजेक्ट की आधारशिला रखी. इस मौके पर पीएम ने देश का फोकस गरीब और मध्यम वर्ग की जरूरतों पर होने की बात कही. तो क्या है ये लाइट हाउस प्रोजेक्ट और कैसे इसके ज़रिये गरीब और मध्यम वर्ग की जरूरतों पर रखा जाएगा ध्यान.केन्द्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय ने 2017 में लाइट हाउस परियोजना का ऐलान किया था. इस योजना के लिए जीएचटीसी-इंडिया के तहत देश में छह स्थानों का चयन किया गया था. योजना के तहत शहरी गरीबों के लिए सस्ती दर पर मकान बनाए जाने हैं. राज्य और केंद्र दोनों के लिए ये योजना काफी चुनौतीपूर्ण थी. केंद्र सरकार ने इसके लिए सभी राज्यों को प्रात्साहित भी किया. और निर्धारित मानदंडों के अनुसार सबसे अधिक अंक अर्जित करने वाले छह राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों का चयन किया गया. इस योजना के तहत केंद्र सरकार इंदौर, चेन्नई, रांची, अगरतला, लखनऊ और राजकोट में 1000-1000 से अधिक मकानों का निर्माण करेगी. आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाइट हाउस योजना की शुरूआत की. कार्यक्रम का उद्घाटन वर्चुअल तरीके से किया गया. इस दौरान शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी के अलावा त्रिपुरा, झारखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, गुजरात, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए. लाइट हाउस परियोजना के तहत बनने वाले मकान काफी सस्ते होंगे. और आर्थिक रूप से कमजोर तबके के लोगों को ये मकान दिए जाएंगे. 415 वर्ग फीट में बनने वाले इन मकानों की कीमत सिर्फ पौने पांच लाख रुपए रखी गई है. इस दौरान पीएम ने कहा, जो लोग हमारे मज़दूर के सामर्थ्य को स्वीकार नहीं करते थे महामारी के समय उन्हें हमारे मजदूरों की ताकत का एहसास हो गया. हम मजदूरों के लिए शहरों में सस्ते मकान बनाने की कोशिश कर रहे हैं.


