Top
Begin typing your search above and press return to search.

बिहार: नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की अटकलों पर बोले मंत्री विजय कुमार चौधरी, 'उनकी इच्छा से ही तय होगा'

बिहार सरकार में जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की अटकलों पर कहा कि जो भी तय होगा वो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की इच्छा से ही होगा

बिहार: नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की अटकलों पर बोले मंत्री विजय कुमार चौधरी, उनकी इच्छा से ही तय होगा
X

पटना। बिहार सरकार में जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की अटकलों पर कहा कि जो भी तय होगा वो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की इच्छा से ही होगा। निर्णय वही लेते हैं, वही लेंगे और उन्हीं की इच्छा से सबकुछ होगा। राज्यसभा जाने के लिए बात चल रही है, निर्णय उन्हीं को लेना है।

निशांत कुमार को पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी मिलने के सवाल पर विजय कुमार चौधरी ने कहा कि निशांत के पार्टी में आने की बात तेजी से चल रही है। पार्टी के सभी लोग और कार्यकर्ता चाह रहे हैं कि निशांत राजनीति में आएं। उन्होंने कहा कि निशांत युवा हैं, पढ़े लिखे हैं। लोग उनमें नेतृत्व करने की क्षमता देख रहे हैं। पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं, सबकी इच्छा है कि वे राजनीति में आएं।

रामनाथ ठाकुर के राज्यसभा जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जब होगा तो दोनों नामांकन साथ ही होगा। उन्होंने निशांत को लेकर कहा कि निशांत का जदयू में शामिल होना सिर्फ तकनीकी बात है। वो किसी दूसरे दल में तो नहीं हैं कि शामिल होंगे। ये हमने बता दिया कि पार्टी के सभी लोग चाहते हैं कि जितनी जल्दी हो निशांत पार्टी में आ जाएं और सक्रियता से पार्टी की गतिविधियों में भाग लें।

बता दें कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत के राजनीति में आने की मांग लंबे समय से हो रही है। इस बीच, अब जदयू में इस बात के संकेत मिलने लगे हैं कि निशांत जल्द ही सक्रिय राजनीति में आ सकते हैं। चर्चा तो यहां तक है कि निशांत जदयू से राज्यसभा जा सकते हैं। दरअसल, जदयू के कार्यकर्ता लंबे समय से निशांत को राजनीति में लाने की मांग कर रहे हैं।

वहीं, मंत्री अशोक चौधरी ने मंगलवार को कहा कि पूरी पार्टी चाहती है कि निशांत सक्रिय राजनीति में आएं। होली के मौके पर इससे बड़ी कोई और खुशी नहीं हो सकती है कि वे राजनीति में आने वाले हैं। यह बिहार के लिए बहुत अच्छा है।

उधर, मंत्री श्रवण कुमार ने साफ तौर पर कहा है कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की राजनीति में बहुत जल्द एंट्री होने वाली है। वह बहुत जल्द सक्रिय राजनीति में शामिल होंगे। यह होली पर राज्यवासियों और उन नौजवानों को जो लंबे अर्से से निशांत के राजनीति में आने की मांग कर रहे हैं।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it