पुलिस अब गोली का जवाब गोली से देगी: अनंत
आबादी के लिहाज से उत्तर प्रदेश में अव्वल कानपुर के नये वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दावा किया है कि वह औद्योगिक नगरी की नब्ज से अच्छी तरह वाकिफ है और उनकी यह खूबी अपराधियों पर नकेल कसने में मददगार होगी

कानपुर। आबादी के लिहाज से उत्तर प्रदेश में अव्वल कानपुर के नये वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दावा किया है कि वह औद्योगिक नगरी की नब्ज से अच्छी तरह वाकिफ है और उनकी यह खूबी अपराधियों पर नकेल कसने में मददगार होगी।
दो रोज पहले मेरठ से ट्रांसफर होकर यहां आये श्री देव ने गुरूवार देर शाम यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अपराधियों,गुंडो मवालियों को अच्छी तरह पता होना चाहिये कि आम जनता के लिये पुलिस मित्र की भूमिका निभायेगी जबकि उनके लिये पुलिस अब गोली का जवाब गोली से देगी। ऐसे में अपराधी या तो स्वेच्छा से जेल की शरण ले लें या फिर जिला छोडकर भाग जायें।
वर्ष 2006 बैच के आईपीएस अधिकारी ने साफ किया है कि अपराधियो में पुलिस का ख़ौफ़ बनाया जायेगा जिससे कि अपराध को रोका जा सके और अपराधियों पर नकेल कसा जा सके। जरायम की दुनिया में एनकाउंटर स्पेलिस्ट के नाम से मशहूर श्री देव अब तक 100 से ज्यादा एनकाउंटर कर चुके है। उन्होने कहा कि अपराधी पुलिस बल पर गोली चलाती है उसका जवाब गोली से ही दिया जायेगा। फिर वह कोई भी हो।
पड़ोसी जिले फतेहपुर के मूल निवासी नवनियुक्त पुलिस अधिकारी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता में शहर के बिगडी यातायात व्यवस्था को सुधारना भी है। इसके अलावा उनकी प्राथमिकता कानून व्यवस्था कायम कराना तथा पीड़ितों को न्याय दिलाना होगी। इसके साथ ही आम जनता के प्रति पुलिस को व्यवहार अच्छा रखने की होगी। महिला संबंधित अपराधों पर फोकस रहेगा और एन्टी रोमियो अभियान चलाया जाएगा। थानों में पीड़ितों को तहरीर की रिसीविंग दी जाएगी।
उन्होने कहा कि एक अभियान के तहत जिले के वांछित सूचीबद्ध तथा ईनामी बदमाशों की धर पकड़ की जाएगी। पीडित व्यक्ति की हर संभव मदद की जाएगी। और पीड़ित लोगों का मुकदमा तुरंत लिखा जाएगा और उसकी ईमानदारी से जांच कर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


