Top
Begin typing your search above and press return to search.

सुरक्षा और शांति के लिए पुलिस की मदद करेगा नेब्हरहुड वॉच

वार्ड के जिम्मेदार युवाओं के द्वारा अपने-अपने वार्डों में सुरक्षा और शांति के लिये कार्य करने की जिम्मेदारी संभाली जाएगी जो पुलिस के साथ मिलकर क्षेत्र की सुरक्षा करेंगे

सुरक्षा और शांति के लिए पुलिस की मदद करेगा नेब्हरहुड वॉच
X

कोरबा। वार्ड के जिम्मेदार युवाओं के द्वारा अपने-अपने वार्डों में सुरक्षा और शांति के लिये कार्य करने की जिम्मेदारी संभाली जाएगी जो पुलिस के साथ मिलकर क्षेत्र की सुरक्षा करेंगे। किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधियों और संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में सूचना देकर अपराधों की रोकथाम में पुलिस को जरूरी सहयोग इनके द्वारा दिया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक डी श्रवण के मार्गदर्शन में संगवारी पुलिस ने एक नई पहल करते हुये समाज के लोगों को पुलिस के साथ जोड़कर आम जनता सहित उनकी संपत्ति की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाएंगे। वार्डों के उत्साही, सक्रिय युवाओं संगठित कर इनकी टीम को नेबरहुड वॉच का नाम दिया गया है। रजगामार मार्ग स्थित रक्षित केन्द्र के सभागार में पुलिस अधीक्षक ने इन नेबरहुड वॉच सदस्यों (पुलिस मित्र) को उनके कर्तव्य एवं समाज में भूमिका व कार्य के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

कोरबा शहर सहित 7 वार्डों में 64, बालको के दो वार्ड में 32 सदस्य सहित कुल 113 पुलिस मित्र तैयार किये गये हैं। इन युवाओं के द्वारा स्वयं की इच्छा से दशहरा, दुर्गा पूजा, मोहर्रम, दीवाली सहित अन्य अवसरों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए जाने के लिए प्रतिबद्धता दिखाते हुए संयमित आचरण का संकल्प लिया गया। इसके अलावा अपराधों की रोकथाम, अपराध और अपराधी की खोजबीन में मदद, कानून व्यवस्था बनाये रखने, पुलिस और जनता के मध्य बेहतर संवाद स्थापित करने, समय-समय पर पुलिस के साथ वार्ड में रात्रि पहरा देने जैसा सहयोग दिया जाएगा। सदस्यों को कार्यप्रणाली व सावधानियों के बारे में भी बताया गया।

पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तारकेश्वर पटेल के द्वारा 113 नवयुवकों को अपने कार्य, व्यवहार, शालीनता एवं पैनी नजर से निगरानी के साथ ही पुलिस की सुरक्षा में सहयोग प्रदान करने मार्गदर्शन दिया गया। सभी 113 पुलिस मित्रों को पहचान देने के लिये पीले रंग का टी-शर्ट, टोपी व परिचय पत्र वितरण किया गया। इस मौके पर सीएसपी सुरेन्द्र साय पैकरा, डीएसपी मुख्यालय रितेश श्रीवास्तव, रक्षित निरीक्षक अरूण जोशी, बालको थाना प्रभारी निरीक्षक यदुमणि सिदार, पुलिस अधीक्षक के स्टेनो संजय सोनी भी उपस्थित थे।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it