पीएम मोदी आज मध्यप्रदेश की यात्रा पर रहेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्यप्रदेश के एक दिवसीय दौरे के दौरान राजगढ़ और इंदौर जिले में विभिन्न सरकारी योजनाओं का लोकार्पण करने के साथ ही जनसभा संबोधित करेंगे

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मध्यप्रदेश के एक दिवसीय दौरे के दौरान राजगढ़ और इंदौर जिले में विभिन्न सरकारी योजनाओं का लोकार्पण करने के साथ ही जनसभा संबोधित करेंगे।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार श्री मोदी विशेष विमान से दिल्ली से चलकर भोपाल पहुंचेंगे। यहां से वे हैलीकॉप्टर से राजगढ़ जिले के मोहनपुरा पहुंचकर मोहनपुरा वृहद सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करेंगे। 3866 करोड़ रुपयों की लागत वाली इस सिंचाई परियोजना से 1़ 34 लाख हेक्टेयर भूमि में सिंचाई के साथ ही चार सौ गांवों में पेयजल मुहैया कराया जा सकेगा।
श्री मोदी इसके बाद हैलीकॉप्टर से सीधे इंदौर रवाना हो जाएंगे। वहां पर वे दिन में लगभग पौने चार बजे 4713 करोड़ 75 लाख रुपये लागत के विभिन्न कार्यों का लोकार्पण करेंगे। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय स्वच्छता सर्वे के विजेताओं को सम्मानित करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मध्यप्रदेश सरकार की अरबन ट्रांसपोर्ट 'सूत्र सेवा'' का शुभारंभ करेंगे।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इन कार्यक्रमों में हाउसिंग फॉर ऑल की अवधारणा के अंतर्गत प्रदेश के 374 नगरीय निकायों में निर्मित एक लाख 219 प्रधानमंत्री आवास में हितग्राहियों को गृह-प्रवेश करवाया जायेगा। प्रधानमंत्री स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत 23 कार्यों का लोकार्पण भी करेंगे। इसके साथ ही नगरीय क्षेत्र की 14 पेयजल योजनाओं की शुरूआत होगी। प्रधानमंत्री इसी कार्यक्रम में अमृत योजना के अंतर्गत 10 नगरीय क्षेत्र में बनाये गये पार्कों का लोकार्पण करेंगे।
श्री मोदी इंदौर में आयोजित कार्यक्रम में आधुनिक तकनीक की मदद से मध्यप्रदेश के दूसरे हिस्से में स्थित कटनी के इन्टीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट तथा छतरपुर-बिजावर रोड का भी लोकार्पण करेंगे। श्री मोदी शाम विमान से दिल्ली वापस लौट जाएंगे। उनकी सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।


