पीएम मोदी ने अब कहा ‘जान भी, जहान भी’ है
वैश्विक महामारी कोरोना वायरस ‘कोविड-19’ से देश को उबारने में धैर्य के साथ बहुस्तरीय नेतृत्व प्रदान कर रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की प्राचीन अवधारणा वसुधैव कुटुम्बकम

नयी दिल्ली । वैश्विक महामारी कोरोना वायरस ‘कोविड-19’ से देश को उबारने में धैर्य के साथ बहुस्तरीय नेतृत्व प्रदान कर रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की प्राचीन अवधारणा वसुधैव कुटुम्बकम को पुन: प्रतिपादित करते हुए शनिवार को ‘जान है तो जहान है’ के स्थान पर नयी कहावत पेश की कि ‘जान भी, जहान भी’ है।
मोदी ने शनिवार को राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ पूर्णबंदी को लेकर वीडियो कांफ्रेंस के जरिए चार घंटे तक विचार-विमर्श किया। इस बैठक में पूर्णबंदी को 14 अप्रैल के बाद भी बढ़ाने का निर्णय लगभग किया जा चुका है और उम्मीद है कि अगले एक-दो दिनाें में श्री मोदी इसका एलान करेंगे। बैठक के बाद कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने इसका संकेत भी दे दिया।
प्रधानमंत्री ने 18 दिन पहले 22 मार्च को जब 21 दिन की पूर्णबंदी का एलान किया था, तब उन्होंने कहा था, ‘जान है तो जहान है’ लेकिन कोरोना वायरस के खौफ के साये में जी रही पूरी दुनिया की चिंता से अपने जोड़ते हुए श्री मोदी ने आज कहा ‘जान भी, जहान भी’ है। श्री मोदी ने कोरोना वायरस की लड़ाई में पूरे विश्व को एकजुट करने के प्रयास के तहत पहले दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (दक्षेस) के राष्ट्र प्रमुखों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये विचार-विमर्श किया और फिर जी-20 देशों के प्रमुखों के साथ बैठक की अगुआई की।
मोदी कई राष्ट्राध्यक्षों के साथ कोरोना वायरस से निपटने को लेकर चर्चा कर चुके हैं। इनमें अमेरिका,जापान,ब्राजील और कई अन्य देशों के राष्ट्र प्रमुख शामिल हैं।
गौरतलब है कि भारत ने कई देशों को इस मुश्किल घड़ी में कोरोना वायरस के पीड़ितों के उपचार में काम आ सकने वाली दवा हाइड्राॅक्सीक्लोरोक्वीन और अन्य दवाओं के साथ-साथ चिकित्सा उपकरण हाल ही में भेजे हैं।


