Top
Begin typing your search above and press return to search.

कान्हा टाइगर रिजर्व में पांच जंगली कुत्तों की मृत्यु की जांच के आदेश

मध्यप्रदेश के वन मंत्री उमंग सिंघार ने कान्हा टाइगर रिजर्व में पांच वन्य प्राणी जंगली कुत्तों की मृत्यु की जांच के निर्देश दिये हैं।

कान्हा टाइगर रिजर्व में पांच जंगली कुत्तों की मृत्यु की जांच के आदेश
X

भोपाल। मध्यप्रदेश के वन मंत्री उमंग सिंघार ने कान्हा टाइगर रिजर्व में पांच वन्य प्राणी जंगली कुत्तों की मृत्यु की जांच के निर्देश दिये हैं। ये जंगली कुत्ते गत शनिवार को गश्ती दल द्वारा रिजर्व के खटिया परिक्षेत्र के अरोली और खीसी बीट में मृत पाए गये थे।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार हिस्टोपैथॉलॉजिकल और फॉरेंसिक जाँच के लिये मृत कुत्तों का विसरा जबलपुर के स्कूल ऑफ वाइल्ड लाइफ फॉरेंसिक एण्ड हेल्थ और सागर की फॉरेंसिक लैब में भेजा गया है। श्री सिंघार ने अधिकारियों से कहा कि यदि जाँच में कुत्ते किसी महामारी का शिकार होना पाये जाते हैं, तो बीमारी को फैलने से रोकने के लिये सभी एहतियाती उपाय अपनायें। उन्होने कहा कि यह भी सुनिश्चित करें कि इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो।

क्षेत्र संचालक एल. कृष्णमूर्ति के निर्देश पर वन्य प्राणी चिकित्सक डॉ. संदीप अग्रवाल ने उप संचालक सुचिता तीर्की और सहायक संचालक सुनील कुमार सिन्हा की उपस्थिति में मृत जंगली कुत्तों का पोस्टमार्टम किया। प्रथम दृष्टया जंगली कुत्तों की मृत्यु किसी बीमारी से होना प्रतीत होती है। रिजर्व प्रबंधन ने आस-पास के जल स्त्रोतों के पानी के नमूने भी एकत्र किये हैं, जिनकी जाँच की जा रही है। साथ ही, आस-पास के डेढ़ किलोमीटर के क्षेत्र में सघन कॉम्बिन कर आवांछित तत्वों की खोज भी की गयी है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it