Top
Begin typing your search above and press return to search.

विम्बल्डन ने रेंकिंग में किया बदलाव

विंबलडन में अपना चौथा खिताब जीतने वाले सर्बिया के नोवाक जोकोविच 11 स्थान की लंबी छलांग लगाकर 10वें नंबर पर पहुंच गये हैं

विम्बल्डन ने रेंकिंग में किया बदलाव
X

नयी दिल्ली - विंबलडन में अपना चौथा खिताब जीतने वाले सर्बिया के नोवाक जोकोविच 11 स्थान की लंबी छलांग लगाकर 10वें नंबर पर पहुंच गये हैं जबकि महिलाओं में उपविजेता रही अमेरिका की सेरेना विलियम्स ने 153 स्थान की गगनचुंबी छलांग लगायी है और वह 28वें नंबर पर आ गयी हैं ।

जोकोविच को विंबलडन में 12वीं वरीयता मिली थी जबकि उनकी विश्व रैंकिंग 21वीं थी। जोकोविच ने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका के केविन एंडरसन को लगातार सेटों में पराजित किया और एक बार फिर टॉप-10 में शामिल हो गये।

अपना पहला विंबलडन फाइनल खेलने वाले एंडरसन ने तीन स्थान का सुधार किया है और वह पांचवें नंबर पर आ गये हैं। सेमीफाइनल में पराजित हुये विश्व के नंबर एक खिलाड़ी स्पेन के राफेल नडाल का शीर्ष स्थान बना हुआ है। उनके 9310 अंक हैं। क्वार्टरफाइनल में एंडरसन से पराजित हुये स्विटजरलैंड के रोजर फेडरर 7080 अंकों के साथ अपने दूसरे स्थान पर बने हुये हैं।

मैराथन सेमीफाइनल में एंडरसन से पराजित हुये अमेरिका के जॉन इस्नर दो स्थान के सुधार के साथ आठवें नंबर पर आ गये। जर्मनी के ज्वेरेव एलेक्जेंडर का तीसरा और अर्जेंटीना के जुआन मार्टिन डेल पोत्रो का चौथा स्थान बना हुआ है।

महिला वर्ग में चैंपियन बनी जर्मनी की एंजेलिक केर्बर ने छह स्थान की छलांग लगायी है और वह चौथे नंबर पर आ गयी हैं। फाइनल में केर्बर से पराजित होने वाली सेरेना को विंबलडन में उनके पिछले रिकार्ड को देखते हुये 25वीं वरीयता मिली थी। लेकिन टूर्नामेंट में अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत वह 153 स्थान की छलांग के साथ 28वें नंबर पर पहुंच गयी हैं।

रोमानिया की सिमोना हालेप का पहला और डेनमार्क की कैरोलीन वोज्नियाकी का दूसरा स्थान बना हुआ है।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it