लंबी अवधि में निश्चित तौर पर नोटबंदी बेहद फायदेमंद साबित होगा: अनमोल अंबानी
रिलायंस कैपिटल लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक और अनिल अंबानी के पुत्र अनमोल अंबानी ने आज कहा कि मोदी सरकार के नोटबंदी के निर्णय का देश की अर्थव्यवस्था को लंबी अवधि में बहुत लाभ मिलेगा

अहमदाबाद। रिलायंस कैपिटल लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक और अनिल अंबानी के पुत्र अनमोल अंबानी ने आज कहा कि मोदी सरकार के नोटबंदी के निर्णय का देश की अर्थव्यवस्था को लंबी अवधि में बहुत लाभ मिलेगा।
अंबानी ने आज यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नोटबंदी के फैसले से भले ही कम अवधि के लिए अर्थव्यवस्था के समक्ष कुछ मुद्दे पैदा हो गये हों और इसमें धीमापन आया हो पर लंबी अवधि में निश्चित तौर पर यह कदम बेहद फायदेमंद साबित होगा। इसने समानांतर अर्थव्यवस्था के धन को वास्तविक अर्थव्यवस्था में मोडा है। अपने समूह की देश की सबसे बडी एसेट मैनेजमेंट कंपनी रिलायंस निप्पाॅन लाइफ एसेट मैनेजमेंट लिमिटेड के 25 अक्टूबर से आने वाले आईपीओ के सिलसिले में यहां आये श्री अंबानी ने कहा कि नोटबंदी से बैंकों में बडी मात्रा में धन आ गया है।
इससे कई तरह की वित्तीय गतिविधियां और इनका पुनगर्ठन हो रहा है। इसके चलते बैंकों को अपनी जमा दरे घटानी पडी हैं और इससे म्युचुअल फंड जैसी चीजों में निवेश में और तेजी आ रही है क्योंकि लोग अपने बचत पर अब बैंक की घटी दरों की तुलना में बेहतर रिटर्न चाहते हैं। देश में म्युच्युल फंड में निवेश अब तक केवल करीब तीन प्रतिशत लोगों ने ही किया है और अब इसमें उछाल आ रहा है।
उन्होंने कहा कि नोटबंदी के परिणाम दीर्घ अवधि में बहुत बेहतर होंगे। हो सकता है ऐसा होने में कुछ वर्ष भी लग जायें पर काफी लाभदायक ही होंगे।
247 रूपये से 252 रूपये प्रति शेयर (वास्तविक मूल्य 10 रूपये) के प्राइस बैंड वाले इस आईपीओ के जरिये कंपनी 1542 करोड रूपये जुटायेगी। न्यूनतम 59 शेयर के बिड लॉट वाला यह आईपीओ 27 अक्टूबर को बंद होगा। इसमें नये शेयर और पुराने शेयर धारकों के शेयर की बिक्री यानी ऑफर फॉर सेल दोनो शामिल होंगे।


