Top
Begin typing your search above and press return to search.

त्रिपुरा में शहरी परियोजनाओं को रफ्तार, महिलाओं के लिए ‘पिंक टॉयलेट’ जल्द होंगे तैयार

त्रिपुरा सरकार राज्य के सभी शहरी निकायों (जिनमें अगरतला नगर निगम क्षेत्र भी शामिल है) में महिलाओं के लिए ‘पिंक टॉयलेट’ स्थापित कर रही है

त्रिपुरा में शहरी परियोजनाओं को रफ्तार, महिलाओं के लिए ‘पिंक टॉयलेट’ जल्द होंगे तैयार
X

अगरतला। त्रिपुरा सरकार राज्य के सभी शहरी निकायों (जिनमें अगरतला नगर निगम क्षेत्र भी शामिल है) में महिलाओं के लिए ‘पिंक टॉयलेट’ स्थापित कर रही है। मुख्यमंत्री माणिक साहा ने शनिवार को कहा कि इन शौचालयों का उद्देश्य महिलाओं को स्वच्छ, सुरक्षित और आसानी से पहचाने जाने वाले सार्वजनिक वॉशरूम उपलब्ध कराना है।

शहरी विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने संतोष जताया कि राज्य के 20 शहरी क्षेत्रों में पिंक टॉयलेट निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहलें शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और समावेशी सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बेहद जरूरी हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मूर्ति विसर्जन की समुचित व्यवस्था करने और घर-घर कचरा संग्रहण प्रणाली को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी विकास परियोजनाएं तय समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता मानकों के साथ पूरी होनी चाहिए। साथ ही परियोजनाएं पूरी होने के बाद उनके रखरखाव और निरंतर निगरानी पर भी जोर दिया।

प्रभावी प्रशासन की आवश्यकता पर बल देते हुए मुख्यमंत्री ने नागरिक सेवाओं से जुड़ी परियोजनाओं को तेजी से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने अगरतला में बांग्लादेश सीमा के पास अखौरा क्षेत्र में निर्माणाधीन लाइटहाउस प्रोजेक्ट की प्रगति की भी समीक्षा की और कार्य में तेजी लाने को कहा।

मुख्यमंत्री ने शहर अस्पताल परियोजना को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए, ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

इसके अलावा, शहरी क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाने और आधुनिकीकरण को बढ़ावा देने के लिए सीसीटीवी कैमरे तेजी से लगाने को कहा गया। उन्होंने पैदल यात्रियों की सुरक्षा और दुर्घटनाएं रोकने के लिए फुटपाथों पर रेलिंग लगाने पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने उदयपुर में गोमती नदी के किनारे चल रहे रिवरफ्रंट विकास परियोजना की भी समीक्षा की। उन्होंने मौजूदा पंप हाउसों के नियमित रखरखाव और जरूरत पड़ने पर नए पंप हाउस बनाने के निर्देश दिए।

अगरतला नगर निगम के अधिकारियों को त्योहारों के बाद मूर्तियों के पर्यावरण अनुकूल निस्तारण या रीसाइक्लिंग सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही नियमित घर-घर कचरा संग्रहण और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया गया।

बैठक में मुख्यमंत्री शहरी विकास परियोजना, सैटेलाइट टाउनशिप परियोजना, अमृत 2.0, एशियाई विकास बैंक समर्थित परियोजनाएं, स्मार्ट सिटी मिशन, शहर सौंदर्यीकरण योजनाएं और एसएएससीआई योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

माणिक साहा ने कहा कि जनकल्याणकारी परियोजनाओं को समय पर पूरा करना और गुणवत्ता बनाए रखना प्रशासन की जवाबदेही और जनता के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करेगा।

बैठक में मुख्य सचिव जे.के. सिन्हा, शहरी विकास विभाग के सचिव मिलिंद रामटेके, वित्त विभाग के सचिव अपूर्व रॉय, अगरतला नगर निगम आयुक्त साजू वाहिद ए., शहरी विकास निदेशक मेघा जैन, त्रिपुरा शहरी नियोजन एवं विकास प्राधिकरण आयुक्त मिहिर कांति गोपे सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it