Top
Begin typing your search above and press return to search.

सीएम खेमचंद ने इंफाल रेलवे स्टेशन प्रोजेक्ट का लिया जायजा, 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य तय

मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने इंफाल पश्चिम जिले के युरेम्बम में इंफाल रेलवे स्टेशन के निर्माण स्थल का दौरा किया

सीएम खेमचंद ने इंफाल रेलवे स्टेशन प्रोजेक्ट का लिया जायजा, 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य तय
X

इंफाल। मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने मंगलवार को इंफाल पश्चिम जिले के युरेम्बम में इंफाल रेलवे स्टेशन के निर्माण स्थल का दौरा किया, ताकि 111 किलोमीटर लंबे जिरीबाम-तुपुल-इम्फाल रेलवे प्रोजेक्ट की प्रगति की समीक्षा की जा सके।

इस दौरान, मुख्यमंत्री ने चल रहे कामों का निरीक्षण किया और स्थल पर हो रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। उनके साथ कोंथौजम विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. सपम रंजन, लामसांग विधानसभा क्षेत्र के विधायक सोरोखैबम राजन, मुख्य सचिव डॉ. पुनीत कुमार गोयल, अतिरिक्त मुख्य सचिव (परिवहन) अनुराग बाजपेयी, मुख्यमंत्री के आयुक्त एन. अशोक कुमार, परिवहन निदेशक ख. डायना और अन्य वरिष्ठ सरकारी अधिकारी भी मौजूद थे।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को प्रोजेक्ट की मौजूदा स्थिति और इंफाल रेलवे स्टेशन के निर्माण की प्रगति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह रेलवे प्रोजेक्ट दिसंबर 2028 तक पूरा होने की उम्मीद है।

जिरीबाम-तुपुल-इंफाल रेलवे लाइन एक अहम इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट है, जिसका मकसद मणिपुर में कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना है।

सीएम खेमचंद सिंह ने सोशल मीडिया प्‍लेटफॉर्म एक्‍स पर पोस्‍ट में लिखा कि आज इंफाल रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई, जिसमें विधायकगण, मुख्य सचिव, गृह आयुक्त और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

मौके पर जाकर निरीक्षण करने और प्रस्तुतियों के माध्यम से परियोजना की प्रगति का विस्तार से आकलन किया गया। यद्यपि कुल मिलाकर प्रगति संतोषजनक है, फिर भी निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के लिए कार्य की गति को और तेज करने के स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं।

उन्‍होंने पोस्‍ट में आगे लिखा कि सभी संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि वे गुणवत्ता के कड़े मानकों को बनाए रखें और समय पर कार्य पूरा करने के लिए आपस में सुचारू समन्वय सुनिश्चित करें। सरकार इस महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजना की बारीकी से निगरानी करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार होगा और मणिपुर के सामाजिक-आर्थिक विकास में तेजी आएगी।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it