उच्च न्यायालय ने पुलिस से मांगी जांच रिपोर्ट
नोएडा ! वेबवर्क फर्जीवाड़े में इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने पुलिस से 17 अप्रैल तक नोएडा कोतवाली सेक्टर-20 में दर्ज केस की प्रगति रिपोर्ट मांगी है।

नोएडा ! वेबवर्क फर्जीवाड़े में इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने पुलिस से 17 अप्रैल तक नोएडा कोतवाली सेक्टर-20 में दर्ज केस की प्रगति रिपोर्ट मांगी है। इसके साथ ही कोर्ट ने केंद्र सरकार, यूपी सरकार, सेबी तथा उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय को नोटिस जारी कर 17 अप्रैल को इस मामले में की गई कार्रवाई का ब्यौरा देने का आदेश दिया है।
गाजियाबाद के रहने वाले अमित किशोर जैन ने 12 फरवरी को कोतवाली सेक्टर-20 में सेक्टर-2 स्थित वेबवर्क ट्रेड लिंक्स प्राइवेट लिमिटेड तथा एडसबुक मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अनुराग गर्ग एवं संदेश वर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया था। पीडि़त ने आरोप लगाया कि कंपनी ने उनके जैसे हजारों निवेशकों के साथ ‘लाइक’ करने के नाम पर रुपए निवेश कराकर धोखाधड़ी की है। 17 फरवरी को पुलिस ने एसएसपी से मिलने आए दोनों आरोपियों को नाटकीय ढंग से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने 40 हजार लोगों के साथ 240 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की है। अमित किशोर जैन के मुताबिक वह नोएडा पुलिस की जांच से संतुष्ट नहीं हैं। इसलिए उन्होंने इलाहाबाद उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल कर मामले की जांच किसी अन्य जांच एजेंसी या एसआईटी से कराने की मांग की थी। कोर्ट ने उनकी याचिका पर आदेश देते हुए केंद्र सरकार, प्रदेश सरकार तथा सेबी को नोटिस जारी किया है। पुलिस से नोएडा में दर्ज केस की जांच रिपोर्ट भी 17 अप्रैल को कोर्ट में पेश करने का आदेश दिया है।


