Top
Begin typing your search above and press return to search.

टी20 वर्ल्ड कप: 52 गेंदों में 122 रन की साझेदारी, हेटमायर-पॉवेल की जोड़ी ने बनाया ये रिकॉर्ड

शिमरोन हेटमायर और रॉवमैन पॉवेल की जोड़ी ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मैच में जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे विकेट के लिए 52 गेंदों में 122 रन की साझेदारी की

टी20 वर्ल्ड कप: 52 गेंदों में 122 रन की साझेदारी, हेटमायर-पॉवेल की जोड़ी ने बनाया ये रिकॉर्ड
X

नई दिल्ली। शिमरोन हेटमायर और रॉवमैन पॉवेल की जोड़ी ने सोमवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मैच में जिम्बाब्वे के खिलाफ तीसरे विकेट के लिए 52 गेंदों में 122 रन की साझेदारी की। यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में कैरेबियन टीम की तरफ से तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड भी है।

इस मामले में क्रिस गेल और डेवोन स्मिथ की जोड़ी शीर्ष पर है, जिन्होंने साल 2007 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ जोहान्सबर्ग में 145 रन की साझेदारी की थी। वहीं, इस लिस्ट में आंद्रे फ्लेचर और क्रिस गेल की जोड़ी दूसरे स्थान पर है, जिन्होंने साल 2009 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 'द ओवल' में 133 रन जोड़े थे। साल 2012 में पल्लेकेले में इंग्लैंड के खिलाफ जॉनसन चार्ल्स और क्रिस गेल की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 103 रन जुटाए थे।

सोमवार को वानखेडे़ स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने 6 विकेट खोकर 254 रन बनाए। यह वेस्टइंडीज का टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे बड़ा स्कोर है।

वेस्टइंडीज की टीम 54 के स्कोर तक अपने 2 विकेट खो चुकी थी। यहां से शिमरोन हेटमायर ने रॉवमैन पॉवेल के साथ तीसरे विकेट के लिए 52 गेंदों में 122 रन जोड़कर टीम को 176 के स्कोर तक पहुंचाया। हेटमायर 34 गेंदों में 7 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 85 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद पॉवेल 59 रन बनाकर आउट हुए। उनकी इस पारी में 4 छक्के और इतने ही चौके शामिल रहे।

इनके अलावा, शेरफन रदरफोर्ड ने नाबाद 31 रन बनाए, जबकि रोमारियो शेफर्ड ने 21 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। जिम्बाब्वे की तरफ से रिचर्ड नगारवा और ब्लेसिंग मुजरबानी ने 2-2 विकेट निकाले। एक-एक विकेट ब्रैड इवांस और ग्रीम क्रेमर ने हासिल किया।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it