Top
Begin typing your search above and press return to search.

ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में ट्रिपल मर्डर: पुलिस का आरोप, 'शख्स ने माता-पिता और भाई की ली जान'

ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर में ट्रिपल मर्डर का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुलिस का मानना है कि एक व्यक्ति ने कथित तौर पर नशे की हालत में अपने माता-पिता और भाई की हत्या कर दी। आरोपी को बाद में घटनास्थल पर लौटने पर हिरासत में ले लिया गया।

ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में ट्रिपल मर्डर: पुलिस का आरोप, शख्स ने माता-पिता और भाई की ली जान
X

सिडनी। ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर में ट्रिपल मर्डर का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुलिस का मानना है कि एक व्यक्ति ने कथित तौर पर नशे की हालत में अपने माता-पिता और भाई की हत्या कर दी। आरोपी को बाद में घटनास्थल पर लौटने पर हिरासत में ले लिया गया।

यह घटना सिडनी के कैंपबेलटाउन इलाके के पास रोजमीडो स्थित जूलियट क्लोज में रविवार तड़के हुई। 'द सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड' ने पुलिस के हवाले से बताया कि, सुबह करीब 1:30 बजे 30 वर्षीय व्यक्ति ने इमरजेंसी सर्विस को कॉल कर बताया कि उस पर उसके भाई ने हमला किया है।

पुलिस और पैरामेडिक्स के मौके पर पहुंचने पर घर के अंदर 65 वर्षीय मां और 64 वर्षीय पिता गंभीर रूप से घायल मिले। मां को घर के पिछले हिस्से में ले जाया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। वहीं, पिता को सिर में गंभीर चोट आई थी। उन्हें लिवरपूल अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उनकी मौत हो गई।

इसके बाद पुलिस ने परिसर की तलाशी ली और एक हिस्से में 25 वर्षीय भाई का शव बरामद किया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 32 वर्षीय सबसे बड़े भाई ने कथित तौर पर धारदार और कुंद हथियार, संभवतः हथौड़े, से हमला किया और फिर मौके से फरार हो गया।

कैंपबेलटाउन पुलिस के सुपरिटेंडेंट ग्रांट हीली ने कहा, “यह एक बहुत बड़ा और भयावह क्राइम सीन है। हमें अभी तक कोई हथियार नहीं मिला है, लेकिन जांच व्यवस्थित तरीके से जारी है।”

उन्होंने बताया कि घटनास्थल का दृश्य बेहद भयावह था, चारों ओर खून फैला हुआ था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी एक सिल्वर कार में सुबह करीब 2:30 बजे घटनास्थल पर वापस लौटा, जहां उसे हिरासत में ले लिया गया। फिलहाल उसे कैंपबेलटाउन पुलिस स्टेशन में पूछताछ के लिए रखा गया है और अभी उस पर औपचारिक आरोप तय नहीं किए गए हैं।

सुपरिटेंडेंट हीली ने कहा कि पुलिस के पास पहले से इस परिवार के बारे में कोई जानकारी नहीं थी और इस तरह की घटना की कोई आशंका नहीं थी।

जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, आरोपी घटना के समय नशीले पदार्थों के प्रभाव में हो सकता है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि यदि किसी ने घटना के समय इलाके में संदिग्ध सिल्वर सेडान देखी हो तो वे जानकारी साझा करें। मौके से मिले दृश्यों में एक सिल्वर कार को टो करते हुए और फोरेंसिक टीम को सबूत एकत्र करते हुए देखा गया है।



Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it