Top
Begin typing your search above and press return to search.

सहारनपुर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, 20 बड़े बकायादारों से साढ़े नौ लाख रुपये की वसूली; सोमवार से संपत्तियां होंगी सील

सहारनपुर नगर निगम ने विशेष अभियान चलाकर 20 बड़े बकायादारों से करीब 9.5 लाख रुपये की वसूली की। सोमवार से बकाया कर नहीं चुकाने वाले व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को सील किया जाएगा।

सहारनपुर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, 20 बड़े बकायादारों से साढ़े नौ लाख रुपये की वसूली; सोमवार से संपत्तियां होंगी सील
X

सहारनपुर। नगर निगम सहारनपुर ने बकाया गृहकर और जलकर की वसूली के लिए बड़े स्तर पर अभियान शुरू कर दिया है। नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत राजस्व विभाग ने शहर के 20 बड़े बकायादारों से करीब 9.5 लाख रुपये की वसूली की। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि जो बकायादार निर्धारित समय में अपना कर जमा नहीं करेंगे, उनकी व्यावसायिक संपत्तियों को सोमवार से सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।

नगरायुक्त के निर्देश पर राजस्व विभाग ने तीन विशेष टीमों का गठन कर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाया। अधिकारियों ने उन व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को प्राथमिकता दी, जिन्हें पूर्व में बकाया बिल और नोटिस जारी किए जा चुके थे, लेकिन इसके बावजूद कर जमा नहीं कराया गया था।

सीलिंग की कार्रवाई से मचा हड़कंप

कर अधीक्षक सुधीर शर्मा के नेतृत्व में जब राजस्व विभाग की टीम कोर्ट रोड स्थित बड़े बकायादारों के प्रतिष्ठानों को सील करने पहुंची तो व्यापारियों में हलचल मच गई। यहां चार बड़े बकायादारों पर करीब आठ लाख रुपये का कर बकाया था। कार्रवाई शुरू होते ही संबंधित व्यापारियों ने तीन लाख रुपये तत्काल जमा कर दिए और शेष राशि एक माह के भीतर जमा कराने का लिखित आश्वासन दिया।

दिल्ली रोड और घंटाघर क्षेत्र में भी हुई वसूली

सीटीओ संगीता गुप्ता और कर अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के नेतृत्व में दूसरी टीम ने वार्ड-16 स्थित दिल्ली रोड क्षेत्र में कार्रवाई की। यहां चार प्रतिष्ठानों के मालिकों ने सीलिंग की कार्रवाई से पहले 2.80 लाख रुपये जमा कराए। इन पर कुल लगभग 14 लाख रुपये का बकाया था, जिसे एक सप्ताह के भीतर जमा करने का भरोसा दिया गया।

इसी प्रकार वार्ड-24 स्थित घंटाघर क्षेत्र में भी चार बकायादारों से मौके पर लगभग 2.62 लाख रुपये की वसूली की गई। इन व्यापारियों पर करीब साढ़े आठ लाख रुपये का कर बकाया था।

सोमवार से होगी सख्त कार्रवाई

कार्यवाहक कर अधीक्षक मनीष चौहान के नेतृत्व में तीसरी टीम ने भी करीब एक लाख रुपये की अतिरिक्त वसूली की। अभियान में राजस्व निरीक्षक सुशील, जीशान, अंशुल, सुरक्षा अधिकारी हरिप्रकाश कसाना तथा प्रवर्तन दल के कर्मचारी शामिल रहे।

नगर निगम प्रशासन ने साफ किया है कि बकाया कर जमा नहीं करने वाले बड़े बकायादारों के खिलाफ अब किसी प्रकार की ढील नहीं दी जाएगी। सोमवार से ऐसे प्रतिष्ठानों को सील करने की कार्रवाई शुरू होगी। अधिकारियों ने सभी करदाताओं से समय रहते अपना गृहकर और जलकर जमा कर नगर निगम की कार्रवाई से बचने की अपील की।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it