सहारनपुर जनसुनवाई: सफाई से जुड़ी दो शिकायतों का तत्काल समाधान, स्ट्रीट लाइट समस्याओं पर कार्रवाई के निर्देश
सहारनपुर नगर निगम की जनसुनवाई में छह शिकायतें दर्ज हुईं। सफाई से जुड़ी दो समस्याओं का तत्काल समाधान किया गया, जबकि स्ट्रीट लाइट और अन्य मामलों में अधिकारियों को निरीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

सफाई संबंधी शिकायतों का तत्काल निस्तारण
अपर नगरायुक्त मृत्युंजय की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में वार्ड-4 आनंद विहार निवासी देवेंद्र कुमार ने नालियों की सफाई तथा वार्ड-19 गोपाल नगर निवासी नरेंद्र कुमार ने क्षेत्र के नाले की सफाई की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही क्षेत्रीय सफाई निरीक्षकों को मौके पर भेजा गया और दोनों स्थानों पर सफाई कार्य कराकर समस्याओं का तत्काल निस्तारण कराया गया।
इसी दौरान वार्ड-25 न्यू उत्तम नगर, ग्वालिरा रोड निवासी कबूल चंद ने खाली प्लॉट में कूड़ा फेंके जाने की शिकायत की। इस पर अपर नगरायुक्त ने संबंधित सफाई निरीक्षक को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
स्ट्रीट लाइट सुधारने के निर्देश
जनसुनवाई में वार्ड-21 टैगोर गार्डन पेपर मिल रोड निवासी ऋषिपाल, वार्ड-32 नई बस्ती खानआलमपुरा निवासी अकरम तथा वार्ड-33 न्यू रूप विहार कॉलोनी के निवासी ने अपने-अपने क्षेत्रों में खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने की मांग रखी।
अपर नगरायुक्त ने पथ प्रकाश विभाग के अधिकारियों को सभी शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण कर जल्द से जल्द स्ट्रीट लाइट दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान मुख्य अभियंता (निर्माण) सुरेंद्र प्रसाद, महाप्रबंधक (जल) पुरुषोत्तम कुमार सहित नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और प्राप्त शिकायतों के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।


