Top
Begin typing your search above and press return to search.

नोएडा के सेक्टर-130 में बिजली कटौती से ग्रामीणों में रोष, आंदोलन की चेतावनी

नोएडा के सेक्टर-130 स्थित नंगली नगला और नंगली बाजिदपुर गांवों में लगातार बिजली कटौती से ग्रामीण परेशान हैं। किसान संघर्ष समिति के महासचिव मनोज सिंह चौहान ने बिजली विभाग से जल्द समाधान की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।

नोएडा के सेक्टर-130 में बिजली कटौती से ग्रामीणों में रोष, आंदोलन की चेतावनी
X

नोएडा। नोएडा के सेक्टर-130 स्थित गांव नंगली नगला और नंगली बाजिदपुर में लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। भीषण गर्मी के बीच दिन और रात बार-बार बिजली जाने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। खासतौर पर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इस मुद्दे को लेकर किसान संघर्ष समिति नोएडा के महासचिव एवं समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव मनोज सिंह चौहान ने बिजली विभाग के अधिकारियों से जल्द समाधान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार बिजली बाधित होने से लोगों का धैर्य जवाब देने लगा है और ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है।

मनोज सिंह चौहान ने कहा कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण बड़े बिजली घर का घेराव करने को मजबूर होंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि आंदोलन होने की स्थिति में बिजली विभाग और उसके अधिकारी स्वयं जिम्मेदार होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कार्य ठप होता है तो इसका असर नोएडा के कई सेक्टरों पर भी पड़ सकता है।

ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी में बिजली कटौती के कारण पानी की समस्या भी बढ़ रही है। घरों में लगे कूलर और पंखे बंद होने से लोगों को रातभर जागकर समय बिताना पड़ रहा है। बच्चों की पढ़ाई और बुजुर्गों की सेहत पर भी इसका बुरा असर पड़ रहा है।

किसान संघर्ष समिति ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त किया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके और किसी बड़े आंदोलन की नौबत न आए।


Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it