Top
Begin typing your search above and press return to search.

नोएडा में गाड़ी का शीशा तोड़कर लैपटॉप चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

नोएडा के थाना सेक्टर-113 पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लैपटॉप चोरी करने वाले एक शातिर गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही से चोरी के 31 लैपटॉप कीमत करीब 25 लाख, तीन लैपटॉप बैग, चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, 14 हजार रुपए नकद, फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद किया है।

नोएडा में गाड़ी का शीशा तोड़कर लैपटॉप चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार
X

नोएडा। नोएडा के थाना सेक्टर-113 पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लैपटॉप चोरी करने वाले एक शातिर गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही से चोरी के 31 लैपटॉप कीमत करीब 25 लाख, तीन लैपटॉप बैग, चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, 14 हजार रुपए नकद, फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद किया है।

पुलिस की इस कार्रवाई से नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन से लैपटॉप चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, थाना सेक्टर-113 पुलिस ने सोमवार को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर ग्राम सोरखा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान लविश कुमार निवासी ग्राम पतवाड़ी थाना बिसरख, अंकित यादव निवासी ग्राम पतवाड़ी थाना बिसरख और राजेंद्र वर्मा निवासी अमेठी हाल निवासी सादुल्लापुर, थाना इकोटेक-3 के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपी लंबे समय से वाहन से लैपटॉप चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। पूछताछ में आरोपियों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आरोपी देर रात चोरी की मोटरसाइकिल पर घूमते थे और मॉल, रेस्टोरेंट, बाजार तथा अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाते थे। पहले आरोपी छोटी टॉर्च की मदद से वाहनों के अंदर रखे लैपटॉप बैग की पहचान करते थे। इसके बाद विशेष प्रकार की पोर्टेबल मशीन से कार का शीशा कुछ ही सेकंड में तोड़ देते थे और लैपटॉप चोरी कर मौके से फरार हो जाते थे।

चोरी किए गए लैपटॉपों को सुनसान जगहों पर छिपाकर रखा जाता था और बाद में उन्हें बेच दिया जाता था। बिक्री से मिले पैसों को आरोपी आपस में बांट लेते थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों के खिलाफ गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। थाना सेक्टर-113, बीटा-2, सेक्टर-39 और सूरजपुर थाने में चोरी और वाहन से सामान चोरी करने के मामलों में इनके खिलाफ पहले से कई अभियोग पंजीकृत हैं।

पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस गैंग के अन्य सदस्य भी सक्रिय हैं या नहीं और चोरी के लैपटॉप किन लोगों को बेचे गए। थाना सेक्टर-113 पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य चोरी की घटनाओं के खुलासे की भी संभावना है।

वहीं, पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने वाहन में लैपटॉप या अन्य कीमती सामान खुला छोड़कर न जाएं और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।



Next Story

Related Stories

All Rights Reserved. Copyright @2019
Share it